विज्ञापन
This Article is From Apr 19, 2011

डेक्कन चार्जर्स ने डेयरडेविल को 16 रन से हराया

दिल्ली डेयर डेविल्स टीम को आईपीएल के चौथे संस्करण के अंतर्गत अपने घरेलू मैदान फिरोजशाह कोटला में एक और हार का सामना करना पड़ा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: वीरेंद्र सहवाग के नेतृत्व में खेल रही दिल्ली डेयर डेविल्स टीम को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चौथे संस्करण के अंतर्गत अपने घरेलू मैदान फिरोजशाह कोटला में मंगलवार को एक और हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली की टीम डेक्कन चार्जर्स के हाथों 16 रनों से पराजित हुई। दिल्ली ने अब तक खेले चार मुकाबलों में तीन में हार का सामना किया है। कोटला में उसे अपने पहले मुकाबले में भी हार मिली थी। 10 टीमों की अंक तालिका में वह नीचे से दूसरे स्थान पर खिसक गई है जबकि डेक्कन चार्जर्स की टीम दूसरी जीत के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। जीत के बाद डेक्कन चार्जर्स के कप्तान कुमार संगकारा ने कहा, "हमारे लिए यह मैच जीतना अहम था। हर खिलाड़ी ने मैच जीतने के लिए जी-जान लगाई। सहवाग का विकेट सस्ते में निकालने में हम सफल रहे। सोहेल जैसे युवा खिलाड़ियों को खेल का आनंद लेना चाहिए। उन्हें सीखते रहने की भी कोशिश करनी चाहिए। उनके जैसे खिलाड़ियों का टीम में होना अच्छी बात है।" दिल्ली के कप्तान सहवाग ने हार के बाद कहा, "आप देखेंगे कि जिस टीम को अच्छी शुरुआत मिल रही है उसे जीत भी मिल रही है। मैं आने वाले मैचों में वार्नर के साथ टीम को अच्छी शुरुआत देने की कोशिश करुंगा।" डेक्कन चार्जर्स की ओर से जीत के लिए रखे गए 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 152 रन ही बना सकी। दिल्ली की ओर से वॉर्नर ने 48 गेदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। दिल्ली की ओर से कप्तान सहवाग ने 12, नमन ओझा ने 2, एरॉन फिंच ने 0, वेणुगोपाल राव ने 21, जेम्स होप्स ने 17 और योगेश नागर ने 23 रन बनाए। सिर्फ 38 रनों पर ही दिल्ली के चोटी के तीन विकेट गिर गए थे। चौथा विकेट 90 रन के कुल योग पर गिरा। सहवाग ने सात गेंदों पर तीन चौके लगाए। उनका विकेट हरमीत सिंह ने लिया। नमन को डेनियल क्रिस्टियन ने पगबाधा आउट किया। फिंच का विकेट भी हरमीत के खाते में गया। राव को अमित मिश्रा ने क्रिस्टियन के हाथों कैच कराया। राव ने वार्नर के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। इसके बाद होप्स और नागर के बीच सातवें विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी हुई लेकिन यह साझेदारी दिल्ली को जीत दिलाने के लिए नाकाफी थी। डेक्कन की ओर से डेनियल क्रिस्टियन और हरमीत सिंह ने दो-दो विकेट लिए वहीं स्पिनर प्रज्ञान ओझा तथा अमित मिश्रा और शिखर धवन ने एक-एक विकेट हासिल किया। इससे पहले, सलामी बल्लेबाज सन्नी सोहेल (62) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत डेक्कन चार्जर्स ने दिल्ली के सामने 169 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। सोहेल को उनके इस प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डेक्कन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति तक चार विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। सोहेल के अलावा कप्तान संगकारा ने 49 रनों का योगदान दिया। दोनों ने ऐसे वक्त में दूसरे विकेट के लिए 92 रनों की रिकार्ड साझेदारी की, जब उनकी टीम ने 14 रन के कुल योग पर ही शिखर धवन के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया था। सोहेल ने 41 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का लगाया। संगकारा 49 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट अशोक डिंडा ने लिया। संगकारा ने 35 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का लगाया। संगकारा 106 और सोहेल 129 रन के कुल योग पर पवेलियन लौटे। धवन आठ रन के व्यक्तिगत योग पर इरफान पठान की गेंद पर बोल्ड हुए। उस समय टीम का कुल योग 14 रन था। धवन ने पांच गेंदों पर दो चौके लगाए। सन्नी और संगकारा के अलावा कैमरन व्हाइट ने 31 रनों की तेज पारी खेली। व्हाइट ने अपनी 25 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का जड़ा। व्हाइट के साथ भरत चिपली पांच रन बनाकर नाबाद लौटे। दिल्ली की ओर से शहबाज नदीम, जेम्स होप्स, अशोक डिंडा और इरफान पठान को एक-एक सफलता मिली। शुरुआती दो मुकाबलों में हारने के बाद तीसरे मुकाबले में मिली जीत से दिल्ली के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया था लेकिन मंगलवार की हार ने उसके उत्साह को फिर से काफूर कर दिया। रविवार को खेले गए अपने तीसरे मुकाबले में दिल्ली ने आईपीएल-4 की नई नवेली टीम पुणे वॉरियर्स को तीन विकेट से हराकर पहली जीत दर्ज की थी। इससे पहले, दिल्ली ने दो मुकाबले खेले थे और दोनों में उसे हार का मुंह देखना पड़ा था। पहले मुकाबले में दिल्ली को कोटला में मुम्बई इंडियंस ने आठ विकेट से पराजित किया था वहीं दूसरे मुकाबले में उसे राजस्थान रॉयल्स ने छह विकेट से हराया था। दूसरी ओर, डेक्कन चाजर्स ने अब तक पांच मुकाबले खेले हैं और उसे दो में जीत हासिल हुई है जबकि तीन मुकाबलों में उसे मात खानी पड़ी है। डेक्कन को पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने आठ विकेट से शिकस्त दी थी वहीं दूसरे मुकाबले में उसे कोलकाता नाइट राइडर्स ने नौ विकेट से हराया था। तीसरे मुकाबले में उसने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 33 रनों से पराजित किया था वहीं चौथे मुकाबले में चार्जर्स को किंग्स इलेवन पंजाब ने आठ विकेट से पटखनी दी थी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
आईपीएल, डेक्कन, चार्जर्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, IPL, Deccan Chargers, Delhi Daredevils
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com