भारत ने लगातार पांचवीं बार पुरुष कबड्डी वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है। जबकि महिला टीम ने लगातार चौथी बार वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया।
पंजाब के मुक्तसर के गुरु गोविंद सिंह स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फ़ाइनल मुक़ाबले में शुक्रवार को भारत ने पाकिस्तान को 45-42 अंकों से हराया। भारत की ओर से संदीप सिंह सुराखपुर और संदीप लड्डर क्रमश 16 और 10 अंकों के साथ टॉप स्कोरर साबित हुए।
वहीं, पाकिस्तान की ओर से शफीक अहमद चिश्ती, मोहम्मद इरफान ने क्रमश: 15 और 13 अंक का स्कोर बनाया। हार के पाकिस्तान टीम ने मैच को समय से पहले खत्म करने की शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन मैच रेफरियों के मुताबिक भारतीय टीम विजेता रही।
महिला वर्ग में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 36-27 अंकों से हराकर खिताब जीता। इस प्रतियोगिता में पुरुषों के वर्ग में 11 टीमें हिस्सा ले रही थीं। भारत के अलावा पाकिस्तान, अर्जेंटीना, अमेरिका, इंग्लैंड, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ईरान, डेनमार्क, स्पेन और स्वीडन की टीम ने टूर्नामेंट में हिस्सा लिया। जबकि महिला वर्ग में भारत के अलावा अजरबैजान, पाकिस्तान, मैक्सिको, न्यूज़ीलैंड, अमरीका, इंग्लैंड और डेनमार्क टीमें प्रतियोगिता में शामिल हुईं।
पुरुष वर्ग की विजेता टीम को दो करोड़ रुपये की इनामी रकम दी गई, जबकि उपविजेता पाकिस्तान को एक करोड़ रुपये दिए गए। महिला वर्ग में जीत हासिल करने वाली भारतीय टीम को एक करोड़ रुपये का इनाम दिया गया।
विजेताओं को सम्मानित करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल मौजूद थे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं