विज्ञापन
This Article is From Jul 08, 2015

इंदरजीत सिंह ने रचा इतिहास : वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में पहला स्वर्ण पदक जीता

इंदरजीत सिंह ने रचा इतिहास : वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में पहला स्वर्ण पदक जीता
गोला फेंकते हुए एथलीट इंदरजीत सिंह
नई दिल्ली: हरियाणा के इंदरजीत सिंह ने द.कोरिया के ग्वांगझू में चल रहे वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में शॉटपुट का गोल्ड जीतकर भारत के लिए इतिहास कायम कर दिया है। इंदरजीत सिंह ने 20.27 मीटर गोला फ़ेंककर टूर्नामेंट का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है।

27 साल के महिर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) के छात्र इंदरजीत सिंह पिछले दो-तीन महीने से ज़बरदस्त फ़ॉर्म में नज़र आ रहे हैं। साल 2014 में एशियाई खेलों का कांस्य पदक (19.63 मीटर) जीतने वाले इंदरजीत ने थाईलैंड में हुई तीनों ही एथलेटिक्स ग्रां प्री में गोल्ड मेडल जीते। इसके अलावा उन्होंने वुहान में हुई एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप का भी स्वर्ण पदक (20.41 मीटर) अपने नाम किया।

ग्वांगझू में उनकी थ्रो उनके अपने बेहतरीन प्रदर्शन 20.65 से थोड़ा कम है, लेकिन उनके प्रायोजक एंग्लिअन मेडल हंट कंपनी के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष बहुगुणा का कहना है कि ओलिंपिक के क़रीब सवा सौ साल के इतिहास में वह मेडल के सबसे क़रीब पहुंचने वाले एथलीटों में जगह बनाते दिख रहे हैं।

मनीष कहते हैं, 'पिछले चार ओलिंपिक खेलों में शॉटपुट में 21मीटर गोला फ़ेंककर खिलाड़ियों को मेडल मिलते रहे हैं, इंदरजीत इसके बेहद क़रीब हैं। वह ये भी कहते हैं कि अगले महीने चीन में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप्स के बाद वह इंदरजीत को ट्रेनिंग के लिए इस खेल के महारथी जॉन कार्ल गोडिना के पास अमेरिका भेजेंगे।

इंदरजीत की कामयाबियों का सफ़र आसान नहीं रहा है। उनकी तमाम कामयाबियों के बावजूद उनके पास कोई नौकरी नहीं है। बचपन में ही पिता का साया सर से उठ जाने की वजह से उनकी मुश्किलें और भी बढ़ गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हरियाणा, इंदरजीत सिंह, वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स, ग्वांगझू, शॉटपुट, स्वर्ण पदक, Haryana, Inderjeet Singh, World University Games, Shotput, Gold Medal, Shotput Games
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com