विज्ञापन
This Article is From Oct 04, 2014

इंचियॉन एशियाई खेलों का भव्य समापन

इंचियोन (दक्षिण कोरिया):

दक्षिण कोरिया के इंचियॉन में पिछले तीन सप्ताह से चल रहे 17वें एशियाई खेलों का शनिवार को भव्य समारोह के साथ समापन हो गया।

इस दौरान जहां प्रतिभागियों के बीच हर पदक के लिए बेहद कड़ा संघर्ष देखने को मिला वहीं देश-विदेश से आए दर्शकों ने बेहद मैत्रीपूर्ण वातावरण में प्रतिस्पर्धाओं का लुत्फ उठाया।

अंतत: चीन एक बार फिर सर्वाधिक पदकों के साथ एशियाई खेलों में अपना दबदबा कायम रखने में कामयाब रहा, जबकि हमेशा की तरह दक्षिण कोरिया दूसरे और जापान ने तीसरे पायदान पर रहते हुए अभियान समाप्त किया।

17वें एशियाई खेलों में 439 स्वर्ण पदकों के लिए 45 देशों के 14,000 खिलाड़ियों ने 36 खेलों में हिस्सेदारी की। तीरंदाजी, भारोत्तोलन और निशानेबाजी में जहां 14 नए विश्व कीर्तिमान बने, वहीं बड़ी संख्या में गेम्स रिकॉर्ड भी टूटे।

चीन 151 स्वर्ण पदक सहित कुल 343 पदक जीत एशिया में खेलों का सिरमौर बना रहा। मेजबान दक्षिण कोरिया ने 79 स्वर्ण सहित कुल 234 पदक हासिल किए, जबकि जापान ने 47 स्वर्ण पदक के साथ कुल 200 पदक अपनी झोली में डाले।

दक्षिण कोरिया में किसी देश के प्रदर्शन में सर्वाधिक उछाल देखने को मिला तो वह मेजबान का प्रबल प्रतिद्वंद्वी उत्तर कोरिया रहा। उत्तर कोरिया के खिलाड़ियों ने चार विश्व कीतिर्मान ध्वस्त करते हुए 11 स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया।

अंतत: शनिवार को इंचियॉन एशियाड मेन स्टेडियम में आयोजित शानदार, जगमग समापन समारोह के साथ प्रतिभागियों ने अपनी कठिन मेहनत का जश्न मनाया।

अनेकता में एकता का नारा लिए शुरू हुआ 17वां एशियाई खेल आयोजन का समापन समारोह दक्षिण कोरियाई फिल्म निर्देशक जांग जिन के निर्देशन में 'इंचियॉन में हमारी मधुर स्मृतियां' थीम के साथ समाप्त हुआ।

जांग जिन ने ही उद्घाटन समारोह का भी आयोजन किया था।

समापन समारोह में रंग-बिंरगी विशाल आतिशबाजियों, कलाकारों के आकर्षण कार्यक्रमों और पॉप संगीत के बीच विशाल स्क्रीन पर दर्शकों के लिए टूर्नामेंट की प्रमुख झलकियां दिखाई गईं।

दक्षिण कोरिया के लिए टूर्नामेंट का पहला स्वर्ण पदक जीतने वाले सोन येओन जेई सहित दक्षिण कोरिया के कुल आठ स्वर्ण विजेता खिलाड़ी समापन समारोह में राष्ट्रीय ध्वजवाहक बने।

इंचियॉन एशियाई खेलों की आयोजन समिति के अध्यक्ष किम यंग सू और एशिया ओलम्पिक परिषद (ओसीए) के अध्यक्ष शेख अहमद अल फहद ने आधिकारिक रूप से 17वें एशियाई खेलों के समापन की घोषणा की और इसके साथ ही एशियाई खेलों का ध्वज 18वें एशियाई खेलों के मेजबान देश जकार्ता को सौंप दिया गया।

किम यंग सू ने कहा, "पिछले 16 दिनों से हम सबने मिलकर इस टूर्नामेंट का लुत्फ उठाया। एशिया के हर देश ने इसमें हिस्सा लिया और हमने अपनी पूरी क्षमता के साथ निष्पक्ष तरीके से इसे संपन्न किया।"

शेख अहमद ने कहा, "एशियाई खेल पदकों के लिए होने वाली स्पर्धा भर नहीं है। यह टूर्नामेंट अपने देश का प्रतिनिधित्व करने, अपनी पूरी क्षमता झोंकने और अपने देश का झंडा उठाकर गर्व से इतराने का आयोजन है।"

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
दक्षिण कोरिया, इंचियॉन खेल, इंचियॉन खेल समापन, South Korea, Incheon Sports, Incheon Games Ends
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com