विज्ञापन
This Article is From Dec 18, 2012

व्यस्त कार्यक्रम लगातार बेहतर प्रदर्शन करने में बाधक : साइना

भारतीय बैडमिंटन सनसनी साइना नेहवाल ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कैलेंडर को काफी व्यस्त बताते हुए कहा कि ऐसे में किसी खिलाड़ी के लिए विश्व स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर पाना मुश्किल हो रहा है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ: भारतीय बैडमिंटन सनसनी साइना नेहवाल ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कैलेंडर को काफी व्यस्त बताते हुए मंगलवार को कहा कि ऐसे में किसी खिलाड़ी के लिए विश्व स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर पाना मुश्किल हो रहा है।

सहारा इंडिया द्वारा साइना का प्रायोजक बनने की घोषणा करने सम्बन्धी कार्यक्रम में संवाददाताओं से बातचीत में इस स्टार शटलर ने एक सवाल पर कहा कि उनका लखनऊ में आयोजित सैयद मोदी इंटरनेशनल इंडिया ग्रां प्री गोल्ड बैडमिंटन चैम्पियनशिप में हिस्सा लेना अभी पूरी तरह तय नहीं है।

पिछली अक्टूबर में फ्रेंच ओपन सुपर सीरीज के फाइनल तथा इस महीने वर्ल्ड सुपर सीरीज के सेमी-फाइनल में पराजित हुईं भारतीय स्टार शटलर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कार्यक्रम काफी व्यस्त है। ऐसे में किसी खिलाड़ी के लिए विश्व स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर पाना काफी दुरूह हो गया है।

उन्होंने कहा कि वह हाल के दिनों में काफी बैडमिंटन खेल चुकी हैं और दो-तीन हफ्तों बाद मलेशियन ओपन टूर्नामेंट भी होना है लिहाजा वह सैयद मोदी ग्रां प्री में खेलने की ‘कोशिश’ करेंगी।

भारत में बैडमिंटन को बढ़ावा देने के लिए मूलभूत ढांचा विकसित करने पर जोर देते हुए साइना ने कहा कि अगर चीन का मुकाबला करना है तो बुनियादी ढांचे को बेहतरीन बनाना होगा।

अगले साल विश्व चैम्पियनशिप और ऑल इंग्लैंड ओपन जीतने को मुख्य लक्ष्य बताते हुए स्टार शटलर ने कहा कि वह भारतीय बैडमिंटन को सर्वोच्च स्तर तक ले जाना चाहती हैं।

इसके पूर्व, सहारा शहर में आयोजित समारोह में कम्पनी के कार्यकारी निदेशक अशोक राय चौधरी ने साइना को एक प्रायोजक के तौर पर सहयोग देने का एलान करते हुए कहा कि भारतीय बैडमिंटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली यह शटलर अब दुनियाभर में बैडमिंटन खेलते वक्त सहारा का ‘लोगो’ लगी पोशाक पहनेंगी। इस साल लंदन ओलिम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली साइना ने इस मौके पर सहारा को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सहयोग उन्हें विश्व स्तर पर और बेहतर खेल दिखाने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रायोजक के रूप में सहयोग मिलना बहुत जरूरी है, ताकि प्रतिभा बेकार ना हो। अगर योग्य खिलाड़ियों को प्रायोजक मिलें तो भारत भी चीन की तरह खेल की महाशक्ति बन सकता है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सायना नेहवाल, भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी, Saina Nehwal, Indian Badminton Player
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com