रफेल नडाल और रोजर फेडरर ने अपने-अपने मैच जीतकर विम्बलडन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लंदन:
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी रफेल नडाल और छह बार के चैम्पियन रोजर फेडरर ने अपने-अपने मैच जीतकर विम्बलडन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। गत चैम्पियन नडाल ने कड़े मुकाबले में जाइल्स म्यूलर को सीधे सेटों में 7-6, 7-6, 6-0 से हराया जबकि फेडरर ने एकतरफा मुकाबले में अर्जेन्टीना के डेविड नलबैंडियन को 6-4, 6-2, 6-4 से हराकर बाहर किया। फेडरर को क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए स्पेन के निकोलस अल्माग्रो और रूस के 18वें वरीय मिखाइल यूज्नी के बीच होने वाले मैच के विजेता से भिड़ना होगा। दूसरी तरफ नडाल को चौथे दौर में अर्जेन्टीना के जुआन मार्टिन डेत्र पोत्रो से भिड़ना है जिन्होंने तीसरे दौर में फ्रांस के जाइल्स साइमन को बेहद कड़े मुकाबले में 7-6, 7-6, 7-5 से हराया। नडाल के लिए यह जीत काफी संतोषजनक रही क्योंकि उन्हें 2005 में विम्बलडन के दूसरे दौर में म्यूलर के हाथों ही शिकस्त झेलनी पड़ी थी। नडाल ने मैच के बाद कहा, यह काफी कड़ा मैच था। मुझे उसकी सर्विस ब्रेक करने का मौका नहीं मिला लेकिन टाईब्रेक में मैं जिस तरह खेला उससे काफी खुश हूं, विशेषकर अपनी सर्विस से। इसलिए मैं अपने प्रदर्शन से काफी खुश हूं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
नडाल, फेडरर, विंबलडन, प्री-क्वार्टर फाइनल