आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय टीम शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में जीत दर्ज करके शृंखला अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
एंटीगा:
पहले दो वनडे जीतने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय टीम शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में जीत दर्ज करके शृंखला अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी। भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि वेस्टइंडीज ने तीसरे वनडे के लिए भी टीम में आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल को जगह नहीं देकर अपने पैर पर खुद कुल्हाड़ी मार ली है। सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बावजूद वेस्टइंडीज के चयनकर्ताओं ने हरफनमौला ड्वेन ब्रावो और मध्यम तेज गेंदबाज रवि रामपाल को आराम दे दिया है। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड और गेल के बीच मतभेद को सुलझाने के लिए अभी तक बैठक नहीं हो पाई है। ब्रावो ने खुद तीसरे मैच से आराम मांगा था, जबकि रामपाल अत्यधिक कार्यभार के कारण अनफिट महसूस कर रहे हैं। यह हैरानी की बात है कि भारत की युवा टीम अधिक मैच और दबाव चाहती है, जबकि कैरेबियाई क्रिकेटर शृंखला के इतने अहम मोड़ पर आराम की मांग कर रहे हैं। इससे वेस्टइंडीज आक्रमण और कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। वैसे तो कैरेबियाई टीम के पास केमार रोच और आंद्रे रसेल के रूप में दो बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं, लेकिन बल्लेबाजों की मददगार पिच पर वे कितने उपयोगी साबित होते हैं, यह वक्त ही बताएगा। वेस्टइंडीज के मैदानों पर बल्लेबाजी हमेशा निर्णायक साबित होती है। इन मैदानों पर 300 रन का स्कोर आम बात है और शीर्ष गेंदबाज भी 10 ओवर में 50 से अधिक रन दे डालते हैं। वेस्टइंडीज ने इस मैदान पर विश्व कप 2007 के बाद खेले गए चार में से एक भी मैच नहीं जीता। सिर्फ क्रिकेट टीम के प्रदर्शन से ही नहीं, बल्कि बुनियादी ढांचे के कारण भी कैरेबियाई बोर्ड को शर्मिंदा होना पड़ रहा है। दूसरे वनडे में त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल पर बारिश के बावजूद मैदानकर्मियों ने इतनी सुस्ती दिखाई कि 13 ओवर गंवाने पड़े। इंग्लैंड के खिलाफ 2009 में यहां सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम पर टेस्ट मैच 10 गेंद के बाद ही रद्द कर दिया गया था। भारतीयों ने खुद को हालात के अनुकूल बखूबी ढाल लिया है। यूसुफ पठान को छोड़कर सभी बल्लेबाजों ने अच्छी पारियां खेली हैं। पहले दो वनडे की जीत को यदि इशारा समझा जाए, तो भारत की युवा ब्रिगेड ने सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी की कमी को खलने नहीं दिया है। पहले दो मैचों में मेजबान बल्लेबाजों पर भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह और अमित मिश्रा भारी पड़े हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, वेस्ट इंडीज, भारत, रैना ब्रिगेड, सुरेश रैना, तीसरा वनडे