विज्ञापन
This Article is From Aug 19, 2015

विमल कुमार ने कहा, साइना का कोच होना मेरे लिए खास

विमल कुमार ने कहा, साइना का कोच होना मेरे लिए खास
नई दिल्ली: साइना नेहवाल ने बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप का ऐतिहासिक खिताब जीतने का श्रेय कोच विमल कुमार को दिया और यहां तक कहा कि वे पिछले साल बैडमिंटन से ही संन्यास लेने का फैसला कर रही थीं। उन्होंने कहा कि कोच विमल कुमार ने उनमें विश्वास जगाया। इस वजह से ही वे वर्ल्ड नंबर 1 हैं और ऐतिहासिक खिताब जीत सकी हैं। गुरुवार को जारी होने वाली ताज़ा रैंकिंग में वे फिर से वर्ल्ड नंबर 1 बन जाएंगी।

कोच विमल कुमार साइना के बयान पर हंसते हुए कहते हैं कि दरअसल वे मानते हैं कि उन्हें साइना का कोच बनने का मौका मिल पाया जो उनके लिए बेहद खास बात है। वे साइना की मेहनत के कायल हैं। वे कहते हैं कि कड़ी मेहनत की बदौलत साइना अब कोर्ट पर पहले से तेज हो गई हैं और अब उनमें दुनिया में किसी भी खिलाड़ी को शिकस्त देने का माद्दा है।

वर्ल्ड चैंपियनशिप के दौरान साइना और जापानी खिलाड़ी सायाका ताकाहाशी के बीच मैच और साइना बनाम चीन की यिहान वैंग के खिलाफ मैच की उन्होंने जमकर तारीफ का। उनका कहना है कि चीन की पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 और ओलिंपिक्स की रजत पदक विजेता यिहान वैंग को साइना ने उनके ही खेल में मात दे दी। साइना ने क्वार्टर फाइनल में खेले गए यिहान वैंग के खिलाफ कई मैचों में उनके शरीर पर शॉट लगाकर प्वाइंट्स हासिल किए। 5 फीट 10 इंच की चीनी खिलाड़ी के खिलाफ ऐसा कर पाना काबिले तारीफ कारनामा है।

कोच विमल कुमार यह भी कहते हैं कि साइना को अपनी जीत में और कंसिस्टेंट होने की जरूरत है। साइना रियो ओलिंपिक्स में लंदन से बेहतर प्रदर्शन करने की बात कह चुकी हैं, लेकिन कोच विमल कुमार कहते हैं, "रियो अभी बहुत दूर है। उससे पहले साइना को जापान में और यूरो सर्किट में अच्छा प्रदर्शन करना है। रियो की बात अगले साल मई में की जा सकती है। मई 2016 में ही रियो के लिए साइना के फ़ॉर्म का सही अंदाज़ा लग पाएगा।"

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
साइना नेहवाल, दुनिया में नंबर एक, कोच, विमल कुमार, बैडमिंटन, Saina Nehwal, Coach, Vimal Kumar, Badminton, World No.1
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com