किंग्स इलेवन की जीत के नायक बने वाल्थटी ने अपनी नाबाद 120 रन की पारी के दौरान 19 चौके लगाए जो आईपीएल में नया रिकॉर्ड है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मोहाली:
मुंबई में जन्में एक अनजान से बल्लेबाज पाल चंद्रशेखर वाल्थटी ने बुधवार को किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ न सिर्फ अपने कैरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली बल्कि इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग में एक पारी में सर्वाधिक चौके लगाने का नया रिकॉर्ड भी बनाया। किंग्स इलेवन की जीत के नायक बने वाल्थटी ने अपनी नाबाद 120 रन की पारी के दौरान 19 चौके लगाए जो आईपीएल में नया रिकॉर्ड है। इससे पहले का रिकॉर्ड माइकल लंब के नाम पर था जिन्होंने 2010 में जयपुर में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से किंग्स इलेवन के खिलाफ अपनी 76 रन की पारी में 16 चौके लगाए थे।वाल्थटी ने 19 चौकों के अलावा दो छक्के भी लगाए और इस तरह से 88 रन केवल चौकों और छक्कों से जुटाये। आईपीएल में वह बाउंड्री से सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें नंबर पर काबिज हो गए हैं। यही नहीं आईपीएल में यह ब्रैंडन मैकुलम (नाबाद 158) और मुरली विजय (127) के बाद तीसरी सबसे बड़ी पारी है। वाल्थटी आईपीएल में शतक जड़ने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं। उनसे पहले मनीष पांडे, मुरली विजय और युसूफ पठान यह कारनामा कर चुके हैं। वैसे आईपीएल में यह कुल 13वां अवसर है जबकि किसी बल्लेबाज ने सैकड़ा जड़ा।