मौजूदा चैंपियन सेरेना विलियम्स सोमवार को सीधे सेटों में हारकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लंदन:
मौजूदा चैंपियन सेरेना विलियम्स सोमवार को सीधे सेटों में हारकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गयी लेकिन ब्रिटेन की उम्मीद एंडी र्मे क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे। अस्वस्थ रहने के कारण लगभग एक साल बाद वापसी करने वाली सातवीं वरीयता प्राप्त सेरेना को नौंवी वरीय फ्रांसीसी खिलाड़ी मरियन बार्तोली ने 6-3, 7-6 से हराया। चौथी वरीयता प्राप्त ब्रिटिश खिलाड़ी एंडी र्मे ने हालांकि 17वीं वरीय फ्रांसीसी रिचर्ड गास्केट को सीधे सेटों में पराजित किया। र्मे को पहले सेट में थोड़ा संघर्ष करना पड़ा लेकिन उन्होंने आखिर में यह मैच 7-6, 6-3, 6-2 से जीता। चार बार की विजेता सेरेना को बार्तोली के खिलाफ शुरू से ही जूझना पड़ा। बार्तोली क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर बेहद उत्साहित हैं जहां उनका मुकाबला जर्मनी की सैबाइन लिसिकी से होगा। बार्तोली ने कहा, यहां सेरेना को हराना सपना सच होने जैसा है। वह एक साल तक बाहर रही लेकिन वह अब भी महिला टेनिस के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ चैंपियन खिलाड़ियों में से एक है। बार्तोली ने सेरेना के लिये शुरू से ही परेशानियां खड़ी लेकिन दूसरे सेट के 12वें गेम में अमेरिकी खिलाड़ी तीन मैच प्वाइंट बचाकर इस सेट को टाईब्रेकर तक ले गई। उन्होंने टाईब्रेकर में चौथा मैच प्वाइंट बचाया लेकिन पांचवें मैच प्वाइंट पर बार्तोली ने तीखी सर्विस पर अंक बनाकर मैच अपने नाम कर दिया। पांचवी वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी मारिया शारापोवा भी अंतिम आठ में पहुंच गई हैं। उन्होंने चीन की पेंग शुई को 6-4, 6-2 से पराजित किया। पहले सेट में काफी करीबी मुकाबला हुआ लेकिन दूसरे सेट में पूरी तरह से शारापोवा ही छाई रही। अठारह वर्षीय टोमिच को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन और दूसरी वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविच और माइकल लोड्रा में से किसी एक से होगा। महिला वर्ग में बेलारूस की चौथी वरीय विक्टोरिया अजारेंका और जर्मनी की लिस्की भी एकल के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गये हैं। अजारेंका ने रूस की नादिया पेत्रोवा को 6-2, 6-2 से जबकि लिस्की ने चेक गणराज्य की पेत्रा चेकोवस्का को 7-6, 6-1 से हराया। चेक गणराज्य की आठवीं वरीय पेत्रा किविटोवा ने बेल्जियम की 19वीं वरीय येनिना विकमेयर को आसानी से 6-0, 6-2 से जबकि आस्ट्रिया की तामिरा पास्चेक ने रूस की केसनिया परवैक को 6-2, 2-6, 6-3 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।