विज्ञापन
This Article is From Apr 24, 2011

सचिन हुए 38 बरस के, नहीं मनाया जन्मदिन

सत्य साईं बाबा के देहावसान की वजह से तेंदुलकर के जन्मदिन पर कोई बड़े जश्न की उम्मीद नहीं है, क्योंकि तेंदुलकर बाबा के भक्त हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
हैदराबाद: भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर रविवार को 38 बरस के हो गए और यह वर्ष उनके लिए यादगार रहा, क्योंकि उन्होंने इसमें विश्व कप खिताब जीतकर अपने जीवन का सबसे बड़ा सपना भी पूरा कर लिया। हालांकि श्री सत्य साईं बाबा के देहावसान की वजह से तेंदुलकर के जन्मदिन पर कोई बड़े जश्न की उम्मीद नहीं है, क्योंकि तेंदुलकर बाबा के भक्त हैं। तेंदुलकर ने शनिवार को अपने प्रशंसकों से साईं बाबा के कुशल होने के लिए प्रार्थना करने का आग्रह करते हुए ट्विटर पर लिखा, मैं श्री सत्य साईं बाबा के जल्दी स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। आशा है कि हर कोई उनके अच्छे स्वास्थ्य की मेरी प्रार्थना में शामिल होगा। लेकिन अध्यात्मिक गुरु का रविवार सुबह निधन हो गया और हो सकता है कि तेंदुलकर अपना जन्मदिन बिल्कुल भी नहीं मनाएं। सचिन क्रिकेट दुनिया के तमाम रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं और ये रिकॉर्ड हासिल करना अब किसी नए खिलाड़ी के लिए लगभग असंभव नजर आता है। खास बात यह है कि रिकॉर्डों के बादशाह होने के बावजूद सचिन अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं, खुलकर जश्न मनाने के लिए नहीं। अगर मास्टर ब्लास्टर मैदान पर व्यस्त नहीं होते हैं, तो वह अपनी पत्नी अंजलि, दोनों बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर अपना जन्मदिन का केक काटना पसंद करते हैं।सचिन को हालांकि अपने जन्मदिन का तोहफा 2 अप्रैल को मुंबई में ही मिल गया था, जब भारतीय टीम ने 28 साल बाद विश्व कप खिताब हासिल किया था। विश्व कप की ट्रॉफी को सबसे पहले भले ही भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उठाया हो, लेकिन पूरी टीम विश्व कप शुरू होने से पहले ही तेंदुलकर को यह खिताब समर्पित करने की बात कह चुकी थी। इस विश्व कप से पहले, पांच बार सचिन के चमकदार करियर में बस एक विश्व कप खिताब की ही कमी थी, जो इस साल पूरी हो गई। सचिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100वां शतक लगाने की दहलीज पर खडे हैं और उम्मीद की जा सकती है कि आगामी दौरे पर सचिन यह कारनामा भी कर दिखाएंगे। सचिन 177 टेस्ट मैचों में 56.94 के लाजवाब औसत से 14,692 रन बना चुके हैं। वनडे क्रिकेट में सचिन ने 453 मैचों में 18,111 रन बनाए हैं, जिसमें उनका औसत 45.16 रन हैं। वनडे क्रिकेट में एकमात्र दोहरा शतक जड़ने का कारनामा भी सचिन ने ही किया है। सचिन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में नाबाद 200 रन बनाए थे। सचिन हालांकि केवल आईपीएल में ही ट्वेंटी-20 मैच खेलते हुए नजर आते हैं। वायुसेना में मानद ग्रुप कप्तान सचिन ने अपने जन्मदिन से दो दिन पहले मुंबई से विकलांग सैनिकों के समूह से वीडियो कांफ्रेंस के जरिये बातचीत में कहा, आप सभी को मेरा अभिवादन, मैंने आप लोगों से अपनी जिम्मेदारी समझना और अंत तक संघर्ष करना सीखा है। वीडियो कांफ्रेंस के जरिये तेंदुलकर ने जन्मदिन का केक काटा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सचिन तेंदुलकर, जन्मदिन, साईं बाबा
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com