विज्ञापन
This Article is From Jun 17, 2016

रूसी एथलेटिक्स टीम को डोपिंग विवाद के बाद रियो ओलिंपिक से बाहर किया गया

रूसी एथलेटिक्स टीम को डोपिंग विवाद के बाद रियो ओलिंपिक से बाहर किया गया
प्रतीकात्मक तस्वीर
वियना: रूस की एथलेटिक्स टीम रियो ओलिंपिक में भाग नहीं ले सकेगी। आईएएएफ ने रूस की ट्रैक और फील्ड टीम पर रियो डि जिनेरियो ओलिंपिक खेलों के लिए अपने प्रतिबंध को कायम रखा है।

रूस के खेल मंत्री ने कहा कि उन्हें ट्रैक एवं फील्ड की संचालन संस्था का फैसला मिल चुका है, जिसमें कहा गया है कि देश ने प्रतिबंध हटाने के लिए कुछ नहीं किया। रूसी मंत्री ने कहा कि वह ओलिंपिक खेलों से पूरी टीम के प्रतिबंध के इस फैसले से काफी निराश हैं।

उन पर यह निलंबन पिछले साल नवंबर में लगा था। विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी आयोग की रिपोर्ट आने के बाद यह प्रतिबंध लगाया गया था, जिसमें रूस की ट्रैक एवं फील्ड टीम पर राज्य द्वारा प्रायोजित भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था।

दरअसल डोपिंग मामलों की जांच करने वाली एजेंसी वाडा की रिपोर्ट के बाद से ओलिंपिक में रूसी टीम की भागीदारी पर संशय के बादल मंडराने लगे थे। विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी (वाडा) ने खुलासा किया था कि इस साल रूसी खिलाड़ियों के डोप टेस्ट करने के सैकड़ों प्रयास नाकाम रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डोप टेस्ट करने वाले अधिकारियों को रूसी सुरक्षाबलों से धमकियां भी मिली थी, जबकि खिलाड़ी विभिन्न तकनीकों के सहारे डोपिंग टेस्ट से बचते रहे।

डोप टेस्ट से बचते रहे थे कई एथलीट
वाडा की रिपोर्ट में कहा गया था कि 15 फरवरी से 29 मई तक 736 से अधिक टेस्ट विभिन्न कारणों से रद्द करने पड़े। रिपोर्ट में साथ ही कहा गया कि सैन्य शहरों में डोप टेस्ट करने के उनके प्रयास नाकाम रहे, क्योंकि उन्हें देश से बाहर निकालने की धमकियां भी दी गई।

रिपोर्ट में कहा गया कि 27 फरवरी को राष्ट्रीय पैदलचाल चैम्पियनशिप के दौरान 15 खिलाड़ियों ने या तो भाग नहीं लिया, या नाम वापिस ले लिया या अयोग्य करार दिये गए। वहीं एक अन्य खिलाड़ी रेस के दौरान स्टेडियम से रफूचक्कर हो गया और फिर नहीं मिला।

एक अन्य घटना में आइस हॉकी विश्व चैम्पियनशिप के दौरान रूस की पूरी अंडर 18 टीम को अंडर 17 टीम से बदल दिया गया, जिसकी वजह प्रतिबंधित दवा मेल्डोनियम का इस्तेमाल है। (भाषा इनपुट के साथ)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक 2016, रूस, रूसी एथलीट, रूसी एथलेटिक्स टीम, डोप टेस्ट, वाडा, Rio Olympic 2016, Russia, Russian Athletes, Dope Test, WADA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com