विज्ञापन
This Article is From Apr 14, 2011

चिपली का जादू चला, चार्जर्स ने चखा जीत का स्वाद

राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ अपने पहले दोनों मैच गंवा चुकी कप्तान कुमार संगकारा की टीम ने जीत का स्वाद चख ही लिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
उप्पल (हैदराबाद): मध्यक्रम बल्लेबाज विराट कोहली की 51 गेंद में 71 रन की जुझारू पारी भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर को गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें मैच में डेक्कन चार्जर्स से 33 रन की हार से नहीं बचा सकी जिसने भरत चिपली के नाबाद अर्धशतक से ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट के चौथे चरण में अपनी पहली जीत दर्ज की। राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ अपने पहले दोनों मैच गंवा चुकी कप्तान कुमार संगकारा की डेक्कन चार्जर्स ने बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद चिपली के 35 गेंद में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से बने नाबाद 61 रन से पांच विकेट पर 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी कप्तान डेनियल विटोरी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 142 रन बनाए, उसकी तरफ से केवल कोहली एक छोर पर टिके रहे और दूसरे छोर से विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि केवल दो बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (15 गेंद में चार चौके, 25 रन) और मयंक अग्रवाल (16 रन) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। कोहली ने 51 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और तीन छक्के लगाए। डेक्कन चार्जर्स की तरफ से डेल स्टेन ने 24 रन और मनप्रीत गोनी ने 31 रन देकर तीन तीन विकेट चटकाए जबकि इशांत शर्मा, डेनियल क्रिस्टियन और अमित मिश्रा ने एक एक विकेट प्राप्त किया। पिछले मैच में मुंबई इंडियंस से हारने वाली रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने शुरूआती मुकाबले में कोच्चि टस्कर्स करेल को छह विकेट से मात दी थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर की शुरूआत काफी खराब रही, जिसने दूसरे ओवर में सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान (07) का विकेट गंवा दिया जिन्हें इशांत ने पवेलियन भेजा। जहीर खान दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, यह दिलचस्प फैसला था जो तीन गेंद खेलने के बाद स्टेन की गेंद पर बोल्ड हो गये और तीसरे ओवर में स्कोर 16 रन पर दो विकेट था। दूसरे सलामी बल्लेबाज अग्रवाल ने 13 गेंद में दो चौके लगाकर 16 रन जोड़े और पाचवें ओवर की अंतिम गेंद पर गोनी का शिकार बने। दक्षिण अफ्रीका के शानदार बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने सात गेंद खेली और बिना रन बनाये डगआउट पहुंच गए। फिर लगातार अंतराल पर विकेट गिरते रहे। इससे पहले चिपली ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आक्रामक अर्धशतकीय पारी खेली जिससे डेक्कन की टीम अब तक का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी प्रदर्शन करने में सफल रही। कप्तान संगकारा ने 36 और सलामी बल्लेबाज सन्नी सोहाल ने 38 रन का योगदान दिया। डेक्कन की टीम ने बल्लेबाजों की मुफीद पिच पर सातवें ओवर तक 50 रन बनाकर अच्छी शुरूआत की, जिसके बाद 10वें ओवर तक उसने दो विकेट गंवाकर 73 रन जोड़ लिए थे। लेकिन ताबड़तोड़ बल्लेबाजी अंतिम पांच ओवर में हुई जिसमें दो विकेट के नुकसान पर 61 रन बने। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (11) हालांकि अधिक योगदान नहीं कर पाये और तीसरे ओवर में जहीर का शिकार बने। वह सही टाइमिंग से शाट नहीं ले पाए और मिड आन पर खड़े आरसीबी के कप्तान विटोरी ने उनका कैच लपका। दूसरे सलामी बल्लेबाज सोहाल और संगकारा ने विपक्षी गेंदबाजों का डटकर सामना करते हुए 6.1 ओवर में दूसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़े लेकिन रेयान निनान ने नौंवे ओवर में सोहाल को पवेलियन भेज दिया जिससे डेक्कन चार्जर्स का स्कोर 70 रन पर दो विकेट हो गया। इसके बाद चिपली ने शानदार शाट की झड़ी लगाकर घरेलू दर्शकों को खुश कर दिया जिसमें दिलशान की गेंद पर गगनचुंबी छक्का शामिल था। संगकारा भी इसी लय में आ गये और 15वें ओवर में आउट होने से पहले उन्होंने अपने श्रीलंकाई साथी की गेंद पर छक्का जड़ दिया। चिपली और संगकारा ने 5.4 ओवर में 43 रन बनाकर डेक्कन चार्जर्स को 15वें ओवर के अंत तक तीन विकेट पर 114 रन तक पहुंचा दिया था। चिपली ने लगातार दो छक्के लगाकर टीम को निनान के 16वें ओवर में 16 रन दिलाए। इसके बाद उन्होंने जहीर के ओवर में लगातार तीन बार गेंद सीमारेखा के पार करायी जिससे स्कोर में 15 रन का इजाफा हुआ। जेपी डुमिनी (22) आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं, वह आरसीबी कप्तान विटोरी की गेंद पर छक्का जमाकर चौकों छक्कों के इस जश्न में शामिल हो गए। डेक्कन ने जहीर द्वारा फेंके गये अंतिम ओवर में डुमिनी और क्रिस्टियन के विकेट गंवा दिये, लेकिन चिपली ने टीम को 175 रन तक पहुंचा दिया था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर की तरफ से तेज गेंदबाज जहीर सबसे सफल रहे जिन्होंने 32 रन देकर तीन जबकि जोहान वान डर वाथ और निनान ने एक एक विकेट लिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रॉयल चैलेंजर्स, डेक्कन चार्जर्स, आईपीएल, RC, DC, Match, IPL
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com