सचिन की पत्नी अंजलि को सशक्त महिला का नायाब उदाहरण बताते हुए राजीव शुक्ला ने कहा कि डॉक्टर होने के बावजूद सचिन के नए घर को उनकी पत्नी ने खुद सजाया है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
जालंधर:
सचिन तेंदुलकर की पत्नी अंजलि तेंदुलकर को सशक्त महिला का नायाब उदाहरण बताते हुए बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि डॉक्टर होने के बावजूद बांद्रा स्थित सचिन के नए घर को उनकी पत्नी ने खुद सजाया है। महिला सशक्तिकरण पर जालंधर में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार को संबोधित करते हुए शुक्ला ने कहा, शिक्षित महिला घर, समाज, राज्य और राष्ट्र में बड़ी भूमिका अदा करती है और सचिन की पत्नी डॉक्टर अंजलि ने ऐसा किया है। वह भी सशक्त महिला का बेहतर उदाहरण हो सकती हैं। उन्होंने कहा, सचिन ने मुझे अपने नए घर में बुलाया था। मैं घर की साज-सज्जा को देखकर दंग रह गया। मैंने सचिन से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि क्रिकेट को लेकर उनकी व्यस्तता अधिक है। जो भी सजावट है, वह सब अंजलि ने किया है। शुक्ला ने कहा, एक-एक चीज को उस घर में करीने से रखा गया है। क्रिकेट की चीजों को भी संभालकर उसी अंदाज में रखा गया है। मैं तो देखकर दंग रह गया। मैं कहना चाहता हूं कि सचिन की पत्नी पेशे से डॉक्टर हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने घर को इतने शानदार तरीके से सजाया है कि वह बड़े-बड़े इंटिरियर डिकोरेटर और डिजायनर पर भारी है। उन्होंने कहा कि सचिन की पत्नी ही उनके रुपये-पैसे आदि का हिसाब रखती हैं, इसलिए देश में महिलाओं की शिक्षा और उनका विकास सबसे जरूरी है। सचिन तेंदुलकर हाल ही में बांद्रा स्थित अपने इस नए बंगले में रहने आए हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
राजीव शुक्ला, सचिन तेंदुलकर, अंजलि तेंदुलकर, नया घर