चेन्नई की पारी के दौरान नौवें ओवर के बाद बारिश आई और जब खेल शुरू हुआ तो मैच को 17 ओवर का कर दिया गया था।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
कोच्चि:
चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग मैच में सोमवार को कोच्चि टस्कर्स केरल के हाथों सात विकेट की शिकस्त के लिए बारिश को जिम्मेदार ठहराया लेकिन साथ ही विरोधी टीम के खिलाड़ियों को जीत का पूरा श्रेय भी दिया। चेन्नई की पारी के दौरान नौवें ओवर के बाद बारिश आई और जब खेल शुरू हुआ तो मैच को 17 ओवर का कर दिया गया था। धोनी ने मैच के बाद कहा, बारिश के खलल से हमें नुकसान उठाना पड़ा। हमने लय गंवाई और साथ ही कुछ अहम ओवर भी गंवा दिए जिसमें हम बड़ा स्कोर खड़ा कर सके। हमारे कई बड़े हिटर ड्रेसिंग रूम में ही बैठे रह गए। उन्होंने कहा, जीत का श्रेय हालांकि उनकी बल्लेबाजी को जाता है। ब्रैंडन (मैकुलम) ने काफी अच्छी पारी खेली जबकि अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया। उनके गेंदबजों ने अंत में कुछ अच्छे ओवर फेंके लेकिन हम काफी रन नहीं बना पाए। कोच्चि टीम के कप्तान महेला जयवर्धने ने भी मैकुलम की जमकर तारीफ की जिन्होंने सिर्फ 33 गेंद में 47 रन की पारी खेली। जयवर्धने ने कहा, हमने काफी अच्छी गेंदबाजी की। ब्रैंडन ने इसके बाद बेहतरीन पारी खेली और पार्थिव ने उनका अच्छा साथ निभाया और हमें लक्ष्य तक पहुंचाने में मदद की। कप्तान ने हालांकि साथ ही कहा कि ट्वेंटी20 प्रारूप में जीत के लिए भाग्य की भी जरूरत होती है। उन्होंने कहा, आप बारिश जैसी चीजों का सटीक अंदाजा नहीं लगा सकते। हमने आज कुछ छोटी छोटी चीजें सही की, अपनी रणनीति को सही अंजाम दिया और अच्छी बल्लेबाजी की। कोच्चि की टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और कप्तान ने कहा कि वह आगामी मैचों में जीत की लय बरकरार रखने उतरेंगे। मैकुलम को उनकी तूफानी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया और इस आक्रामक बल्लेबाज ने कहा कि उन्होंने अपना नैसर्गिक खेल दिखाया। उन्होंने कहा, मैं हमेशा ही अपना नैसर्गिक खेल खेलने की कोशिश करता हूं। कभी यह काम कर जाता है और कभी नहीं। पार्थिव और महेला ने आज अच्छी बल्लेबाजी की जबकि ब्रैड हाज और रविंद्र जडेजा ने मैच को अंजाम तक पहुंचाया।