विज्ञापन
This Article is From Apr 27, 2011

एक बार फिर धोनी के हाथों पिटी युवराज की टीम

चेन्नई ने पुणे को 8 विकेटों से करारी शिकस्त दी है। जीत के लिए जरूरी 142 रनों के लक्ष्य को चेन्नई ने तीन गेंद शेष रहते दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
Mumbai: आईपीएल-4 में एक बार फिर धोनी से युवराज की टीम को हराया दिया है। चेन्नई सुपरकिंग्स ने पुणे वॉरियर्स को आठ विकेटों से करारी शिकस्त दी है। जीत के लिए जरूरी 142 रनों के लक्ष्य को चेन्नई ने तीन गेंद शेष रहते दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इससे पहले, डग बोलिंजर की शार्ट पिच गेंदों से बैकफुट पर पहुंचा पुणे वॉरियर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को युवराज सिंह की कप्तानी पारी से चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ छह विकेट पर 141 रन बनाए। बोलिंजर ने चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिये लेकिन युवराज ने विषम पलों में क्रीज पर कदम रखकर 43 गेंद पर 62 रन की नाबाद पारी खेली जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल हैं। उनके अलावा रोबिन उथप्पा ने 31 रन का योगदान दिया। युवराज ने चिलचिलाती धूप में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन पिछले मैचों की तरह फिर से पुणे का शीर्ष क्रम बुरी तरह लड़खड़ा गया। चेन्नई के तेज गेंदबाजों की शार्ट पिच गेंदों पर पुणे के बल्लेबाजों ने गैरजिम्मेदाराना शाट खेलकर अपने विकेट गंवाये जिससे आठवें ओवर के शुरू में ही स्कोर चार विकेट पर 41 रन हो गया था। जेसी राइडर (19) आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे जिन्होंने नुवान कुलशेखरा के पारी के तीसरे ओवर में तीन चौके जड़कर सकारात्मक शुरुआत की थी। बोलिंजर का चौथा ओवर पुणे के लिये घातक साबित हुए जिसमें इस ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। बोलिंजर ने शार्ट पिच गेंद को हथियार के रूप में इस्तेमाल किया। राइडर छाती की उंचाई तक उठती उनकी ऐसी ही गेंद पर मिडविकेट पर अनिरूद्ध श्रीकांत को कैच दे बैठे। मोहनीश मिश्रा (2) लगातार दूसरे मैच में सलामी बल्लेबाज के तौर पर नाकाम रहे। बोलिंजर ने उन्हें भी शार्ट पिच गेंद पर कैच देने के लिए मजबूर किया। मनीष पांडे (10) दूसरे मैच में असफल रहे। वह भी शार्ट पिच गेंद का शिकार बने लेकिन इस बार गेंदबाज टिम साउथी थे। पांडे ने खराब शाट खेलकर मिडआन पर आर अश्विन को कैचिंग प्रैक्टिस कराई। अब युवराज और उथप्पा पर पूरी जिम्मेदारी थी। उथप्पा आक्रामक मूड में दिख रहे थे। उन्होंने स्पिनरों विशेषकर अश्विन को निशाने पर रखा और उनके लगातार ओवर में दो छक्के जमाए लेकिन आखिर में इसी गेंदबाज ने उन्हें पवेलियन भेजकर स्कोर पांच विकेट पर 83 रन कर दिया। उथप्पा ने पारी के 14वें ओवर में अश्विन की कैरम बाल मिडविकेट पर छह रन के लिये भेजी लेकिन अगली कैरम बाल पर उन्होंने थर्ड मैन पर कैच थमा दिया। उथप्पा ने अपनी पारी में 22 गेंद खेली तथा दो चौके और इतने ही छक्के लगाए। उथप्पा के आउट होने के बाद युवराज ने अपने तीखे तेवर दिखाये। उन्होंने अश्विन की गेंद पर मिडविकेट पर खूबसूरत छक्का जमाया और बोलिंजर के खिलाफ भी अपनी टाइमिंग का लाजवाब नमूना पेश करके उनके दूसरे स्पैल की पहली गेंद ही छह रन के लिये भेजी। बोलिंजर ने हालांकि अपने अंतिम ओवर में हमवतन मिशेल मार्श (11) को शार्ट पिच गेंद का शिकार बनाया। युवराज ने साउथी के पारी के अंतिम ओवर में 15 रन बटोरे जिसमें दो छक्के भी शामिल हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
क्रिकेट, आईपीएल, चेन्नई, पुणे
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com