श्रीलंकाई कप्तान संगकारा ने कहा है कि उनकी टीम टेस्ट मैचों में 800 और वनडे में 534 विकेट लेने वाले इस गेंदबाज के लिए खिताब जीतने का प्रयास करेगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
Mumbai:
वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार को होने वाला विश्व कप का फाइनल मुकाबला कई लिहाज से अहम होगा। सर्वप्रथम, विश्व कप के इतिहास में पहली बार दो एशियाई टीमें फाइनल में भिड़ेंगी और दूसरा यह मैच विश्व क्रिकेट के धुरंधर स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन का अंतिम विश्व कप मैच होगा। इस मैच के बाद मुरलीधरन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के बाद पाकिस्तान के शोएब अख्तर ने भी संन्यास ले लिया। इसकी कुछ खास चर्चा नहीं हुई, लेकिन मुरलीधरन का अगले विश्व कप में नहीं खेलना क्रिकेट प्रेमियों को बेहद खलेगा। मुरलीधरन टेस्ट मैचों में 800वां विकेट झटकने के बाद इस विधा से संन्यास ले चुके हैं और उसके तुरंत बाद मुरली ने कहा था कि वह इस विश्व कप के बाद एकदिवसीय मैचों से भी संन्यास ले लेंगे। श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा ने कहा है कि उनकी टीम टेस्ट मैचों में 800 और एकदिवसीय मैचों में 534 विकेट लेने वाले इस चैम्पियन गेंदबाज के लिए खिताब जीतने का प्रयास करेगी। दूसरी ओर, 36 वर्षीय सचिन के लिए भी संभवत: यह आखिरी विश्व कप होगा, लेकिन वह आगे भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय रहेंगे। मुरली से उलट सचिन को अब तक इस बात का मलाल है कि विश्व क्रिकेट के बल्लेबाजी के तमाम रिकॉर्ड अपने नाम करने के बावजूद उन्हें अब भी विश्व कप ट्रॉफी की कमी खल रही है। मुरली का मामला इससे भिन्न है, क्योंकि वह 1996 में विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य रहे हैं। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनके सभी साथी चाहेंगे कि वे सचिन को विश्व कप की समाप्ति तक यह तोहफा दें और इसी लिहाज से फाइनल मैच के रोचक और रोमांचक होने की उम्मीद है। दो एशियाई टीमें पहली बार फाइनल में पहुंचकर अपने एक-एक महान खिलाड़ियों को शानदार ढंग से विश्व कप से विदाई देना चाहेंगी। सचिन के लिए यह मैच एक और वजह से खास है। वह अब तक 99 अंतरराष्ट्रीय शतक लगा चुके हैं। मोहाली में वह 15 रनों से शतक से चूक गए थे, लेकिन अगर उनका 100वां शतक मुंबई में लगता है और उसकी मदद से भारत खिताब जीतता है, तो यह भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों और खुद सचिन के लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं होगा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, विश्व कप 2011, मुरलीधरन, वानखेड़े स्टेडियम, भारत बनाम श्रीलंका, फाइनल