विज्ञापन
This Article is From Jun 18, 2011

मुनाफ पटेल का पहले टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध

वेस्टइंडीज के खिलाफ सोमवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में मुनाफ के खेलने पर संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। उन्होंने शनिवार को अभ्यास भी नहीं किया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
किंगस्टन: वेस्टइंडीज के खिलाफ सोमवार से शुरू हो रहे पहले क्रिकेट टेस्ट में मध्यम तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल के खेलने पर संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। मुनाफ ने शनिवार को टीम के साथ अभ्यास भी नहीं किया। राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण और महेंद्र सिंह धोनी समेत पूरी टीम ने नेट पर पसीना बहाया। मुनाफ दर्शक के तौर पर अपने साथियों को अभ्यास करते देखते रहे। कोच डंकन फ्लेचर ने उनके खेलने को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं की है। मुनाफ आखिरी वनडे भी नहीं खेल सके थे। कोच ने बस इतना ही कहा कि मुनाफ पहले टेस्ट में चयन के लिए फिट हो जाएंगे। विश्व कप में बेहद प्रभावी रहे मुनाफ ने वनडे सीरीज के तीन मैचों में 17.75 की औसत से आठ विकेट लिए। पिछले दो साल से वह भारत के लिए टेस्ट नहीं खेल सके हैं। यदि ऐसा ही रहा, तो प्रवीण कुमार टेस्ट टीम में जगह बना सकते हैं। अभ्यास सत्र में फ्लेचर को धोनी और द्रविड़ से बात करते देखा गया। उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि वह भारत के सीनियर खिलाड़ियों से सीखने को बेताब हैं। टेस्ट सीरीज के लिए आए खिलाड़ियों ने नेट पर काफी मेहनत की, जबकि उन्हें वेस्टइंडीज पहुंचे 24 घंटे भी नहीं हुए हैं। सलामी बल्लेबाज मुरली विजय और अभिनव मुकुंद ने नेट पर काफी समय बिताया। उन्होंने स्पिनरों और तेज गेंदबाजों दोनों को खेला। वीवीएस लक्ष्मण अपने बेहतरीन स्ट्रोक्स के कारण आकर्षण का केंद्र बने रहे। बाद में धोनी ने फील्डिंग कोच ट्रेवर पेनी के मार्गदर्शन में सुरेश रैना और विराट कोहली के साथ कैचिंग का अभ्यास किया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
क्रिकेट, मुनाफ पटेल, वेस्ट इंडीज, टीम इंडिया
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com