विज्ञापन
This Article is From Sep 08, 2014

मैरी कॉम चाहती हैं प्रियंका बनें बॉक्सिंग एकैडमी की ब्रांड एंबैसडर

मैरी कॉम चाहती हैं प्रियंका बनें बॉक्सिंग एकैडमी की ब्रांड एंबैसडर
फिल्म मेरी कॉम में प्रियंका चोपड़ा
फिल्म मेरी कॉम में प्रियंका चोपड़ा
कोलकाता:

अपनी इंफाल आधारित बॉक्सिंग एकैडमी को देशभर में फैलाने के लिए ओलिंपियाई बॉक्सर मैरी कॉम चाहती हैं कि बॉलीवुड अदाकारा प्रियंका चोपड़ा इसकी ब्रांड एंबैसडर बनें जिन्होंने उनके जीवन पर बनी फिल्म 'मैरी कॉम' में अभिनय किया है।

कॉम ने इंफाल से कहा, 'मैं उनसे जल्द संपर्क करूंगी और उनसे अपनी एकैडमी की ब्रांड एंबैसडर बनने को कहूंगी।' उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते रिलीज हुई फिल्म ने बॉक्सिंग को प्रसिद्धि दिलाने का काम किया है और अब वह भारत के अन्य शहरों में भी अपनी बॉक्सिंग एकैडमी की शाखाएं खोलना चाहती हैं।

इंफाल पश्चिमी जिले में 2006 में लांगोल गेम्स विलेज में स्थापित मैरी कॉम बॉक्सिंग एकैडमी में फिलहाल 33 बाक्सिंग छात्र हैं जो एकैडमी के आवासीय परिसर में ही रहते हैं। वहां उन्हें मैरी कॉम के निर्देशन में प्रशिक्षित किया जाता है।

वर्ष 2012 के ओलिंपिक सहित सभी छह विश्व चैंपियनशिप्स में पदक जीतने वाली एकमात्र महिला बॉक्सर मैरी कॉम ने कहा, 'यदि प्रियंका एकैडमी की सहायता करती हैं तो यह बॉक्सिंग के लिए अच्छा होगा क्योंकि मुझे विभिन्न तबकों से समर्थन की आवश्यकता है। इससे हमें युवा प्रतिभाओं को खेल में लाने में मदद मिलेगी।'

मैरी कॉम से पूछा गया कि कि क्या फिल्म निर्माताओं को प्रियंका चोपड़ा की बजाय पूर्वोत्तर से किसी कलाकार को फिल्म में लेना चाहिए था क्योंकि प्रियंका किसी मणिपुरी की तरह नहीं दिखतीं। इस पर उन्होंने निर्माताओं का समर्थन किया जिन्होंने कहा था कि बॉलीवुड की किसी अदाकारा को लिए जाने से फिल्म हिट होगी।

मैरी कॉम ने कहा, 'मेरी भूमिका निभाने के लिए किसी को पूर्वोत्तर से लिया जा सकता था, लेकिन तब हो सकता था कि फिल्म हिट न होती। प्रियंका चोपड़ा को हर कोई जानता है क्योंकि वह सुपर स्टार हैं और इसीलिए फिल्म पर इतना अधिक ध्यान जा रहा है। यदि वह (प्रियंका) नहीं होतीं तो हो सकता है कि फिल्म हिट नहीं होती।'

पद्म भूषण, पद्म श्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित बॉक्सर ने कहा कि भारत में उन्हें तब तक कोई नहीं जानता था जब तक कि उन्होंने ओलिंपिक में पदक नहीं जीता था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
इंफाल में बॉक्सिंग एकाडमी, ओलिंपियाई बॉक्सर मैरी कॉम, बॉलीवुड अदाकारा प्रियंका चोपड़ा, Boxing Academy, Mary Kom, Priyanka Chopra, इंफाल में बॉक्सिंग एकैडमी
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com