विज्ञापन
This Article is From Jun 29, 2011

बारिश ने रोका खेल, चंद्रपॉल-सैमुएल्स ने सम्भाली पारी

भारत और वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीमों के बीच दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन बारिश के कारण 37.3 ओवरों बाद खेल दूसरी बार रोकना पड़ा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
ब्रिजटाउन: भारत और वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीमों के बीच केनसिंग्टन ओवल मैदान पर दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन बारिश के कारण 37.3 ओवरों बाद खेल दूसरी बार रोकना पड़ा। खेल रोके जाने तक वेस्टइंडीज ने पांच विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए थे। इससे पहले 29वें ओवर के समाप्त होते ही मैच बारिश के कारण रोकना पड़ा था। वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी के आधार पर अभी भी 103 रनों से पिछड़ी हुई है जबकि उसके पांच विकेट शेष हैं। शिवनारायण चंद्रपॉल 63 गेंदों पर 20 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि मार्लन सैमुएल्स 58 गेंदों पर 21 रन बनाकर दूसरी छोर पर उनका साथ दे रहे हैं। छठे विकेट के लिए दोनों के बीच 41 रनों की साझेदारी हो चुकी है। बुधवार का खेल मैदान गीला होने के कारण समय से शुरू नहीं हो सका था। ब्रिजटाउन में बुधवार सुबह भारी बारिश हुई थी। इसके कारण मैदान का बाहरी हिस्सा गीला था। मैदानकर्मियों के प्रयास के बाद मैदान को खेल के लायक बनाया गया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 30 रन बनाए थे। रामनरेश सरवन 10 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि नाइटवॉचमैन देवेंद्र बीशु ने खाता नहीं खोला था। इससे आगे खेलते हुए वेस्टइंडीज के कुल योग में 27 रन जुड़े ही थे कि कल के नाबाद रहे ये दोनों बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। कल के स्कोर से आगे खेलने उतरी वेस्टइंडीज टीम को बुधवार को बीशु के रूप में पहला झटका लगा। इशांत शर्मा ने उन्हें आउट किया। बिशु ने 13 रनों का योगदान दिया। इसके थोड़ी ही देर बाद सरवन भी चलते बने। सरवन को भी इशांत शर्मा ने अपना शिकार बनाया। उन्होंने 18 रन बनाए। इससे पहले, मैच के पहले दिन टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने वी.वी.एस. लक्ष्मण (85) और सुरेश रैना (53) की उम्दा पारियों की मदद से अपनी पहली पारी में 201 रन बनाए थे। भारतीय टीम 68 ओवर बल्लेबाजी कर सकी थी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लंच, वेस्ट इंडीज, टेस्ट, भारत, क्रिकेट, Lunch, WI, India, Test 2
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com