वह भारत की सबसे चर्चित खिलाड़ियों में से एक हैं, लेकिन टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का खुद का मानना है कि 'लिंगभेद' के कारण 'इस देश में सानिया मिर्जा होना मुश्किल है...' सानिया मिर्जा ने महिला खिलाड़ी होने के कारण अपने करियर के दौरान आई मुश्किलों का जिक्र करते हुए कहा, "हां, इस देश में सानिया मिर्जा होना मुश्किल है... मेरा मानना है कि मुझे अपने करियर में अधिकतर विवादों का सामना इसलिए करना पड़ा, क्योंकि मैं महिला हूं... यदि मैं पुरुष होती तो इनमें से कुछ विवादों से बच सकती थी..."
दरअसल, सानिया मिर्जा को दक्षिण एशियाई क्षेत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र महिला सद्भावना दूत नियुक्त किया गया है, और वह महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने की खातिर अभियान चलाने और लिंग समानता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए इससे जुड़ी हैं।
सानिया मिर्जा दक्षिण एशियाई क्षेत्र की पहली महिला हैं, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र महिला के इतिहास में सद्भावना दूत नियुक्त किया गया। उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि भारत में खेलों में अधिक महिलाओं को आना चाहिए। संस्कृति को बदलने की जरूरत है। सरकार इसमें शामिल हो रही है और मुझे लगता है कि इससे काफी चीजों में बदलाव हो रहा है। हमारे वर्तमान खेलमंत्री सर्वानंद सोनोवाल महिला खेलों को बहुत बढ़ावा देते हैं और मैंने निजी रूप से यह देखा है। सानिया ने कहा, मुझे खुशी है कि सरकार भी हमारे समाज में व्याप्त लिंग असमानता पर बात कर रही है और सच्चाई यह है कि वह इसे लेकर कुछ करने की कोशिश कर रही है, जिससे पता चलता है कि यह कितना जरूरी है।
सानिया मिर्जा ने कहा, हमें सांस्कृतिक बदलाव की जरूरत है और उम्मीद है कि मीडिया भी इसकी जिम्मेदारी लेगा। मीडिया की भूमिका अहम होती है। वह बदलाव ला सकता है और उसे ऐसा करना चाहिए। उन्होंने कहा, लिंग समानता का हम सभी को समर्थन करना चाहिए। कुछ इस बारे में बोलते हैं, कुछ नहीं। मुझे इस पर बोलने के लिए चुना गया है। मुझे उम्मीद है कि एक दिन सभी बोलेंगे कि हम सब एक हैं और महिलाओं के साथ वस्तु की तरह व्यवहार नहीं किया जाएगा। मैं बदलाव लाने के लिए अपनी तरफ से हर संभव कोशिश करूंगी।
टेनिस स्टार ने इसके साथ ही कहा कि वह 6 दिसंबर से शुरू होने वाले इंटरनेशनल प्रीमियर टेनिस लीग (आईटीपीएल) में खेलने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, मैं आज रात को रवाना हो रही हूं। मैं यहां से अभ्यास करने जाऊंगी और उसके बाद सीधे हवाई अड्डे जाऊंगी। मैं इसको लेकर बहुत उत्साहित हूं। मैं आईटीपीएल में खेलने के लिए तैयार हूं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं