भारतीय हॉकी टीम 20वें सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में रविवार को मौजूदा विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया के साथ भिड़ेगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
इपोह:
भारतीय हॉकी टीम 20वें सुल्तान अजलान शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में रविवार को मौजूदा विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया के साथ भिड़ेगी। नए कप्तान अर्जुन हलप्पा की टीम ऑस्ट्रेलिया से राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में मिली शर्मनाक हार का हिसाब चुकाना चाहेगी। ऑस्ट्रेलिया ने नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 14 अक्टूबर को खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत को 8-0 से पराजित किया था। वर्ष 2010 में कोरिया के साथ संयुक्त रूप से अजलान शाह खिताब जीतने वाली भारतीय टीम ने लीग मैचों में ऑस्ट्रेलिया को हराया था लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों में मिली हार उसे अब भी टीस दे रही है। लगातार तीसरी बार खिताब जीतने के लिए प्रयासरत भारत ने इस वर्ष मिश्रित शुरुआत की है। उसे अपने पहले मैच में दक्षिण कोरिया से 2-3 की हार मिली थी जबकि उसने अपने दूसरे मैच में इंग्लैंड को 3-1 से पराजित किया। बीते वर्ष के संयुक्त विजेता दक्षिण कोरिया के खिलाफ भारत ने 2-0 की बढ़त के बावजूद मैच गंवा दिया जबकि इंग्लैंड के खिलाफ उसने अपने खेल में सुधार करते हुए गोलपोस्ट को सुरक्षित रखा और लगातार आक्रमण भी करता रहा। भारतीय टीम के कोच हरेंद्र सिंह मानते हैं कि उनके खिलाड़ी चमत्कार करने में सक्षम हैं। ऑस्ट्रेलिया से होने वाली भिड़ंत को लेकर पूछे जाने पर हरेंद्र ने कहा, "राष्ट्रमंडल खेल का नतीजा इतिहास है। अब हमें नया अध्याय लिखना है और हम इसके लिए तैयार हैं।" "ऑस्ट्रेलियाई टीम में गहराई है। हमारे लिए अच्छी बात यह है कि यह टीम अपने कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के बगैर मलेशिया पहुंची है। मलेशिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने धीमी शुरुआत की थी लेकिन हमारे खिलाफ उसके खुलकर सामने आने की उम्मीद है।"
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, हॉकी टीम