विज्ञापन
This Article is From Jun 04, 2011

'लाल बजरी की बादशाहत' के लिए फेडरर-नडाल में भिड़ंत

ग्रासकोर्ट के बादशाह रोजर फेडरर और क्लेकोर्ट के सुल्तान रफेल नडाल छह साल में चौथी बार फ्रेंच ओपन के खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगे।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पेरिस: ग्रासकोर्ट के बादशाह रोजर फेडरर और क्लेकोर्ट के सुल्तान रफेल नडाल छह साल में चौथी बार फ्रेंच ओपन के खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगे, तो टेनिस प्रेमियों को बेहतरीन मुकाबले की सौगात मिलने की गारंटी रहेगी। पांच बार के चैम्पियन नडाल को रोलां गैरों पर ब्योर्न बोर्ग के रिकॉर्ड की बराबरी करने के लिए एक और खिताब की जरूरत है। यहां जीत के साथ नंबर वन रैंकिंग पर भी उनका कब्जा कायम रहेगा, जिसे नोवाक जोकोविच से खतरा था। फेडरर ने बेहतरीन सेमीफाइनल मुकाबले में इस सर्बियाई खिलाड़ी के 43 मैचों में जीत के अश्वमेधी अभियान पर नकेल कसी। वहीं फेडरर यदि जीतते हैं, तो उनके 17 ग्रैंडस्लैम हो जाएंगे। इससे उन आलोचकों को करारा जवाब मिलेगा, जो उनका बोरिया बिस्तर बंधवा चुके थे। स्विटजरलैंड के इस चैम्पियन ने शानदार वापसी करते हुए जोकोविच को शुक्रवार को सेमीफाइनल में 7-6, 6-3, 3-6, 7-6 से हराया। दूसरी ओर नडाल ने एंडी मर्रे को 6-4, 7-5, 6-4 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी। नडाल यहां 44 मैच जीत चुके हैं और सिर्फ एक गंवाया है। फेडरर को बखूबी इल्म है कि इस स्पेनिश प्रतिद्वंद्वी से पार पाना आसान नहीं होगा। इससे पहले तीन बार 2006, 2007 और 2008 में फ्रेंच ओपन फाइनल में नडाल उन्हें हरा चुका है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फ्रेंच ओपन, टेनिस, रोजर फेडरर, राफेल नडाल
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com