भारतीय कप्तान धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में नाबाद 87 रन की पारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन भी पूरे किए।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
हैदराबाद:
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कल इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में नाबाद 87 रन की पारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन भी पूरे किए। धोनी ने अब तक कुल 280 मैच में 43.79 की औसत से 10,073 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक और 65 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने टेस्ट मैचों में 3242, वनडे में 6372 और ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 459 रन बनाए हैं। धोनी वनडे में पहले कप्तान और विकेटकीपर हैं, जिन्होंने 100 कैच लेने का कारनामा किया है। उन्होंने 108 मैच में 140 शिकार किए हैं, जिसमें 100 कैच और 40 स्टम्पिंग शामिल हैं। धोनी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने वनडे में 15वीं और इंग्लैंड के खिलाफ पहली बार यह पुरस्कार हासिल किया। धोनी ने कल अर्धशतक लगाया और इस तरह से उन्होंने अपने करियर में पहली बार लगातार चार पारियों में अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ही उसकी सरजमीं पर ओवल में 69, लॉर्ड्स में नाबाद 78 और कार्डिफ में नाबाद 50 रन बनाए थे। भारत ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम उप्पल हैदराबाद में पहली जीत दर्ज की। वह इससे पहले यहां 2005 में दक्षिण अफ्रीका से तथा 2007 और 2009 में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, महेंद्र सिंह धोनी, वनडे करियर, 10 हजार रन