आईपीएल में गुरुवार को उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में डेक्कन चार्जर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमें आमने-सामने होंगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
हैदराबाद:
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चौथे संस्करण के अंतर्गत गुरुवार को उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में डेक्कन चार्जर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमें आमने-सामने होंगी। डेक्कन चार्जर्स अपने घरेलू मैदान पर खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को कड़ी चुनौती देना चाहेगी। एक-एक बार आईपीएल खिताब जीत चुकीं दोनों टीमों के बीच जोरदार मुकाबले के आसार हैं। टूर्नामेंट में फिलहाल दोनों टीमों की स्थिति अच्छी नहीं है और इस लिहाज से दोनों जीत हासिल करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाते दिखेंगी। बैंगलोर की टीम का यह तीसरा मैच होगा, जबकि चार्जर्स अपने दूसरे मैच के लिए मैदान में उतरेगा। बैंगलोर को एक मैच में जीत मिली है, जबकि मंगलवार को मुम्बई इंडियन्स के खिलाफ उसे बुरी तरह शिकस्त खानी पड़ी थी। दूसरी ओर, श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा के नेतृत्व में खेल रही चार्जर्स की टीम को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने पहले मैच में खराब बल्लेबाजी का खामियाजा भुगतना पड़ा था। औसत बल्लेबाजी के कारण चार्जर्स को इसी मैदान पर खेले गए अपने पहले मैच में आठ विकेट से हार मिली थी। खिलाड़ियों के कद को देखते हुए गुरुवार के मुकाबले के मद्देनजर बैंगलोर का पलड़ा भारी दिख रहा है, लेकिन मंगलवार को मुम्बई से मिली करारी हार के बाद उसका मनोबल काफी नीचे चला गया है और चार्जर्स को इसी का फायदा उठाना होगा। चार्जर्स के पास डेल स्टेन और इशांत शर्मा जैसे दो स्तरीय तेज गेंदबाज और अमित मिश्रा तथा प्रज्ञान ओझा के रूप में दो अच्छे स्पिनर हैं। इसके अलावा उसके पास शिखर धवन, संगकारा, ज्यां पॉल ड्यूमिनी और भरत चिपली जैसे धुरंधर बल्लेबाज हैं। चार्जर्स को पता है कि इस मैच के लिए बैंगलोर का पलड़ा भारी है, लेकिन साथ ही उसे इस बात का भी आभास होगा कि अच्छा खेलकर वह बैंगलोर को आसानी से हरा सकती है, क्योंकि मुम्बई के खिलाफ बैंगलोर का प्रदर्शन औसत रहा था। अपने पहले मैच कोच्चि टस्कर्स को छह विकेट से हराने वाली डेनियल विटोरी की टीम मुम्बई के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 140 रन ही बना सकी थी। इसके बाद डर्क नैन्स, जहीर खान और खुद विटोरी जैसे गेंदबाज मुम्बई को 18.3 ओवरों में ही जीत हासिल करने से नहीं रोक पाए थे। मुम्बई ने बैंगलोर की मजबूत समझी जाने वाली गेंदबाजी आक्रमण की बखिया उधेड़ते हुए एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। सचिन तेंदुलकर 55 और अंबाती रायडू 63 रन पर नाबाद लौटे थे। जाहिर तौर पर बैंगलोर के इस लचर प्रदर्शन से चार्जर्स को खुशी होगी और वह हार की निराशा में डूबी विटोरी की टीम पर अपने घरेलू दर्शकों की मौजूदगी में जोरदार 'प्रहार' करना चाहेगी, लेकिन इसके लिए उसे सटीक रणनीति के साथ मैदान में उतरना होगा, क्योंकि बैंगलोर की टीम कभी भी वापसी करने की क्षमता रखती है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, आईपीएल, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर, डेक्कन चार्जर्स