विज्ञापन
This Article is From Apr 25, 2011

कॉमनवेल्थ घोटाले में अंतत: कलमाडी गिरफ्तार

क्वीन बैटन रिले घोटाले के संबंध में जांच एजेंसी की दो सदस्यीय टीम के लंदन दौरे के बाद सीबीआई ने यह कदम उठाया है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
New Delhi: राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के बर्खास्त अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी को लेकर कई महीनों से चली आ रही अटकलों पर सोमवार को आखिर विराम लग ही गया। कलमाड़ी के इर्द-गिर्द शिकंजा कसने की कोशिश कर रहे केन्द्रीय जांच ब्यूरो ने सोमवार को अंतत: इस महाआयोजन में कथित तौर पर अनियमितताओं को लेकर कलमाड़ी को गिरफ्त में ले लिया। सरकारी सूत्रों ने बताया कि दिन में पूछताछ के लिए एजेंसी के शानदार नए कार्यालय में बुलाए गए 67 वर्षीय कलमाड़ी को शाम के समय गिरफ्तार कर लिया गया। क्वीन बैटन रिले (क्यूबीआर) घोटाले के संबंध में जांच एजेंसी की दो सदस्यीय टीम के लंदन दौरे के बाद सीबीआई ने यह कदम उठाया है। सीबीआई ने दावा किया है कि उसकी टीम के लंदन दौरे के बाद उसे एएम फिल्म्स तथा एएम कार और वैन हायर लिमिटेड मामले में कथित अनियमितताओं को लेकर कुछ ताजा सबूत मिले हैं। इसमें वर्ष 2009 में आयोजित क्यूबीआर के दौरान कंपनियों को अनाप-शनाप दरों पर ठेके दिए गए। सूत्रों ने बताया कि टीम ने लंदन स्थित दोनों कंपनियों के मालिक आशीष पटेल से बात की जिन्होंने कथित रूप से बाजार कीमतों से अधिक दरों पर किए गए इस करार के संबंध में सूचना तथा दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। वर्ष 2009 में लंदन में क्यूबीआर के दौरान मेहमानों तथा ओलिंपिक समिति के सदस्यों को टैक्सी आदि की सेवाएं मुहैया कराने के लिए एएम कार एंड वैन हायर कंपनी की सेवाएं ली गयीं। इस दौरान मानिटर आदि लगाने के लिए एएम फिल्म्स को ठेका दिया गया। सीबीआई ने अधिकारियों के लंदन दौरे के बाद सामने आए कुछ नए मुद्दों पर स्पष्टीकरण के लिए कलमाड़ी को एजेंसी के समक्ष पेश होने को कहा था। कलमाडी ने पूर्व में अपने विदेश दौरे के कारण एजेंसी के समक्ष हाजिर होने में असमर्थता जाहिर की थी और कहा था कि वह 19 अप्रैल के बाद ही स्वदेश लौट पाएंगे। लेकिन विदेश दौरे से लौटने के बावजूद वह यह कहते हुए सीबीआई के सामने नहीं आए कि वह अभी दिल्ली में नहीं हैं। सीबीआई टीम ने अपनी लंदन यात्रा के दौरान उन अन्य कंपनियों से भी पूछताछ की थी जो ठेका पाने के लिए दौड़ में थीं। एजेंसी ने अपने दो सदस्यीय दल को लंदन भेजा था जिनमें अतिरिक्त निदेशक वी के गुप्ता तथा डीआईजी एसके पलसानिया थे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सीबीआई, पूछताछ, सुरेश कलमाडी
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com