विज्ञापन
This Article is From Apr 19, 2011

हॉकी : हलप्पा के नेतृत्व में 18 सदस्यीय टीम घोषित

हॉकी इंडिया ने पांच मई से इपोह में होने वाले सुल्तान अजलान शाह कप के लिए मंगलवार को भारत की 18 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: हॉकी इंडिया (एचआई) ने पांच मई से मलेशिया के शहर इपोह में होने वाले सुल्तान अजलान शाह कप के लिए मंगलवार को भारत की 18 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। इस टूर्नामेंट के लिए अर्जुन हलप्पा को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। एशियाई खेलों के बाद स्वदेश लौटे स्पेनी कोच जोस ब्रासा के सहायक रह चुके हरेंद्र सिंह को इस टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। अर्जुन को चोटिल राजपाल सिंह के स्थान पर कप्तान बनाया गया है। विश्व कप, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों में टीम की कमान सम्भाल चुके राजपाल पेट की मांसपेशियों में खिंचाव से परेशान हैं। इस टीम में स्टार ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह और भरोसेमंद डिफेंडर सरदार सिंह को शामिल नहीं किया गया है। दोनों खिलाड़ी इन दिनों बेल्जियम में लीग हॉकी खेल रहे हैं। दोनों ने अपनी उपलब्धता को लेकर एचआई को सम्पर्क नहीं किया है। रक्षापंक्ति की कमान धनंजय महाडिक, दिवाकर राम और रुपिंदर पाल सिंह पर होगी। कोच हरेंद्र ने कहा, "रक्षापंक्ति हमारी चिंता का कारण है लेकिन हमने सबसे अच्छे खिलाड़ियों का चयन किया है। चयनकर्ताओं ने अच्छा काम किया है।" "दिवाकर ने घरेलू स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया है। रुपिंदर ने यूरोपीयन दौरे के अलावा पिछले साल अजलान शाह कप में अच्छा प्रदर्शन किया था। धनंजय उपयोगी खिलाड़ी हैं। हमारी टीम के सभी खिलाड़ी फिट हैं। राजपाल को जानबूझकर आराम दिया गया है।" हरेंद्र ने कहा कि उनकी टीम अजलान शाह हॉकी के माध्यम से चैम्पियंस ट्रॉफी और 2012 लंदन ओलिंपिक के लिए होने वाले क्वालीफाईंग टूर्नामेंट की तैयारी करेगी। इन दोनों टूर्नामेंट का आयोजन दिल्ली में होना है। यह पूछे जाने पर कि आखिरकार वी.एस. विनय को क्यों टीम से हटाया गया। हरेंद्र ने कहा, "हम युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना चाहते हैं।" इपोह में खेली जाने वाली इस प्रतियोगिता में भारत का पहला मैच पांच मई को कोरिया के साथ होगा। भारत और कोरिया के अलावा इस वार्षिक आयोजन में मेजबान मलेशिया, मौजूदा विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, ग्रेट ब्रिटेन और न्यूजीलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। भारत और पाकिस्तान के बीच डेढ़ वर्ष में तीसरी बार भिड़ंत होगी। यह चिर प्रतिक्षित मुकाबला 11 मई को खेला जाना है। बीते वर्ष मार्च में नई दिल्ली में आयोजित विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों के अलावा दोनों टीमें तीसरी बार आमने-सामने होंगी। बीते दोनों अवसरों पर भारत ने पाकिस्तान पर जीत हासिल की है। भारतीय टीम छठी बार यह खिताब जीतने का प्रयास करेगी। 2010 में भारत और कोरिया ने संयुक्त रूप से यह खिताब जीता था। इससे पहले भारत ने 1985, 1991, 1995 और 2009 में यह खिताब अपने नाम किया था। वर्ष 2008 में भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रही थी। फाइनल में उसे अर्जेंटीना के हाथों 1-5 से हार मिली थी।टीम इस प्रकार है : गोलकीपर : भरत चेतरी, एड्रियन डिसूजा रक्षापंक्ति : धनंजय महाडिक, रुपिंदर पाल सिंह और दिवाकर राम मिडफील्डर : गुरबाज सिंह, विकास पिल्ले, विक्रम पिल्ले, अर्जुन हलप्पा (कप्तान), रवि पाल, दानिश मुज्तबा, विकास शर्मा फारवर्ड : शिवेंद्र सिंह, एसवी सुनील, मंदीप अंतिल, सरवनजीत सिंह, गुरविंदर सिंह चांडी, रोशन मिंज। स्थानापन्न : पीआर श्रीजेश, विक्रम खाल्को, गुरजिंदर सिंह, बिरेंद्र लाकरा, प्रीतिंदर सिंह और विकास टोप्पो।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हॉकी, हलप्पा, टीम
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com