विज्ञापन
This Article is From Nov 20, 2015

साल 2015 रहा शानदार, प्रदर्शन दोहराना मुश्किल : सानिया मिर्ज़ा

साल 2015 रहा शानदार, प्रदर्शन दोहराना मुश्किल : सानिया मिर्ज़ा
सानिया मिर्जा और मार्टिना (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: भारतीय टेनिस की सुपरस्टार सानिया मिर्ज़ा के लिए यह साल शानदार साबित हुआ है और उनका मानना है कि उनके इस प्रदर्शन को अगले साल दुहराना बेहद मुश्किल होगा। इस साल सानिया महिला डबल्स में न सिर्फ दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी बनीं बल्कि इस साल उन्होंने दो ग्रैंड स्लैम खिताब टूर्नामेंट के साथ अलग-अलग पार्टनर्स के साथ दस डबल्स खिताब जीते।

साल के आखिर में लगातार पांच खिताब जीते
2015 में सानिया ने अमेरिका की बेथनी मैटिक सैंड्स के साथ एक और पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 स्विस स्टार मार्टिना हिंगिस के साथ 9 महिला डबल्स के खिताब जीते। साल 2015 में दस खिताबों की मलिका बनीं सानिया कहती हैं कि अगले साल वे मार्टिना के साथ अपने इस प्रदर्शन को दुहराने की कोशिश करेंगी। सानिया ने मार्टिना के साथ साल के आखिर में यूएस ओपन से लेकर सिंगापुर में WTA फाइनल्स तक का सफर एक चैंपियन की तरह ही किया। साल के आखिर में, इस दौरान उन्होंने मार्टिना के साथ लगातर पांच खिताब जीते।

परिवार, दोस्त और माीडिया की मदद
हाल ही में सानिया ने अपना 29वां जन्मदिन (15 नवंबर को) मनाया। सानिया कहती हैं, "सिर्फ यही साल नहीं पूरा करियर ही मेरे लिए शानदार रहा है। पिछले कुछ साल खसकर अच्छे रहे। यह कई साल की मेहनत का फल है। मेरी मेहनत, परिवार में त्याग और मेरे दोस्तों और मीडिया ने मेरी खूब मदद की है।"   

मार्टिना और सानिया एक-दूसरे की पूरक
सानिया अपनी कामयाबी के लिए अपनी पार्टनर मार्टिना हिंगिस का शुक्रिया अदा करते नहीं थकतीं। वे कहती हैं, "मार्टिना और मैं एक-दूसरे की पूरक हैं। एक साथ हमारा खेल और तालमेल अच्छा रहता है। कोर्ट के बाहर भी हममें आपस में अच्छी बनती है।" वे कहती हैं कि अगले साल वे कुछ अलग करने की कोशिश नहीं करेंगी। वे मानती हैं कि उन पर दबाव रहेगा। वे यह भी कहती हैं कि दबाव का उन पर सकारात्मक असर होगा। उन्हें उम्मीद है कि अगले साल भी मार्टिना हिंगिस के साथ उनका प्रदर्शन बेहतर रहेगा।

अब चुनौती रियो ओलिंपिक्स की भी
अगले साल सानिया के सामने रियो ओलिंपिक्स की बड़ी चुनौती भी है। ओलिंपिक्स का मेडल सानिया के लिए अब भी सपना ही है, लेकिन सानिया में अभी बहुत टेनिस बचा है और वे इस पर फैसला साल दर साल खेल के बाद ही करेंगी। फिलहाल उनके फ़ैन्स इस बात से बेहद खुश हो सकते हैं कि सानिया शानदार फ़ॉर्म में हैं और वे ज़रूर चाहेंगे कि सानिया अगले साल अपने इस शानदार फ़ॉर्म के सहारे अपना सफ़र जारी रखें।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
टेनिस, सुपर स्टार, टेनिस स्टार सानिया, साल 2015 रहा शानदार, सानिया और मार्टिना, Tennis, Tennis Star Sania Mirza, Martina Hingis, Year 2015
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com