विज्ञापन
This Article is From Mar 15, 2014

स्विस ओपन : सिंधु और कश्यप सेमीफाइनल में, साइना हारीं

स्विस ओपन : सिंधु और कश्यप सेमीफाइनल में, साइना हारीं
बासेल:

पीवी सिंधु स्विस ओपन में 'चीनी दीवार' लांघने में सफल रहीं, लेकिन साइना नेहवाल ऐसा नहीं कर सकीं। पारूपल्ली कश्यप हालांकि चीनी ताइपे की चुनौती तोड़ते हुए सिंधु के साथ सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।

सिंधु ने विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी शिजियान वांग को हराया और स्विस ओपन ग्रैंड प्रिक्स गोल्ड टूर्नामेंट के महिला एकल वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गईं। विश्व की नौवीं वरीय खिलाड़ी सिंधु ने शिजियान को 45 मिनट में 21-17, 21-15 से हराया।

इन दोनों के बीच यह तीसरी भिड़ंत थी। तीनों ही मौकों पर सिंधु विजयी रही हैं। इससे पहले सिंधु ने शिजियान को बीते साल विश्व चैंपियनशिप में हराया था। सिंधु ने बीते साल विश्व चैंपियनशिप में कांस्य जीता था। शिजियान जैसी माहिर खिलाड़ी के खिलाफ सिंधु हमेशा की तरह आत्मविश्वास से लवरेज नजर आईं।

अब सेमीफाइनल में सिंधु का सामना एक बार फिर एक चीनी खिलाड़ी सुन यू से होगा। लंदन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीत चुकीं साइना को विश्व की तीसरी वरीय खिलाड़ी यिहान वांग के हाथों 17-21, 12-21 से हार मिली। यह मैच 38 मिनट चला। साइना और वांग के बीच अब तक कुल आठ मुकाबले हुए हैं, जिनमें से सात में वांग की जीत हुई है।

पुरुष एकल में कश्यप ने चीनी ताइपे के तेन चेन चोउ को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। विश्व के 19वें वरीय खिलाड़ी कश्यप ने अपने से ऊंचे वरीय खिलाड़ी चोउ को एक घंटे 14 मिनट तक चले मुकाबले में 15-21, 23-21, 21-18 से हराया। अगले दौर में कश्यप का सामना चीन के तियान होवेई से होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पीवी सिंधु, साइना नेहवाल, स्विस ओपन बैडमिंटन, पारूपल्ली कश्यप, PV Sindhu, Saina Nehwal, Swiss Open Badminton, Parupalli Kashyap
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com