विज्ञापन
This Article is From Nov 24, 2014

खेल मंत्रालय, विजेंदर चाहते हैं कि सरिता के साथ रियायत बरते एआईबीए

खेल मंत्रालय, विजेंदर चाहते हैं कि सरिता के साथ रियायत बरते एआईबीए
बॉक्सर विजेंदर सिंह की फाइल तस्वीर
नई दिल्ली:

खेलमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने रविवार को कहा कि एशियाई खेलों में विवादित हार के बाद कांस्य पदक लेने से इनकार करने वाली मुक्केबाज सरिता देवी के साथ एआईबीए को नरमी से पेश आना चाहिए।

फिलहाल अस्थायी निलंबन झेल रही सरिता ने इंचियोन एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की पार्क जि ना से विवादास्पद हार के बाद पदक वितरण समारोह में कांस्य स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।

सोनोवाल ने यहां ग्रैंड कुश्ती चैम्पियनशिप से इतर कहा, ‘‘हम सरिता की मदद के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उम्मीद है कि एआईबीए उसके मामले में नरमी बरतेगा।’’

विजेंदर ने कहा कि वह सरिता का समर्थन करते रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘एक खिलाड़ी के तौर पर मैं उनका समर्थन करता रहूंगा। मैं समझ सकता हूं कि उसने इस तरह से क्यों किया होगा। एक मुक्केबाज को इस तरह जीत से वंचित किए जाने पर कितना दुख होता है, मैं समझ सकता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उसने एआईबीए से माफी मांग की है और स्वीकार किया है कि उसने गलती की है। मुझे लगता है कि एआईबीए को रियायत बरतनी चाहिए।’’ विजेंदर को यहां साइना नेहवाल, सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त और एम सी मेरीकाम के साथ नेशनल स्पोर्ट्स क्लब आफ इंडिया की सदस्यता दी गई।

उन्होंने यह भी कहा कि वह अगले साल होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिये तैयारी करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बाद में तय करूंगा कि किस भारवर्ग में अगले साल विश्व चैम्पियनशिप खेलूंगा।’’

सुशील ने भी सरिता का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार को उसका साथ देना चाहिए ताकि वह अपना करियर बरकरार रख सके।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बॉक्सर सरिता देवी, सरिता देवी, विजेंदर, बॉक्सर विजेंदर, खेलमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, Boxer Vijender, Sarita Devi, Vijender, Sports Minister Sarvanand Sonowal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com