विज्ञापन
This Article is From Jan 05, 2015

रणजी मैचों में भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी अंपायर

मुंबई:

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई और मध्य प्रदेश के बीच रणजी मैच का साउथ अफ्रीकी कनेक्शन है। चौंकिए मत दरअसल इस मैच में भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी अंपायर अलाउद्दीन पालेकर अंपायरिंग कर रहे हैं। जो बीसीसीआई के एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत अंपायरिंग करने मुंबई पहुंचे हैं।

वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई और मध्य प्रदेश के बीच रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए का मैच है, जिसमें पालेकर अंपायरिंग कर रहे हैं। 36 साल के दक्षिण अफ्रीकी अंपायर अलाहुद्दीन पालेकर के दादा महाराष्ट्र के रत्नागिरि के खेड इलाके से दक्षिण अफ्रीका गए थे। पालेकर प्रिटोरिया के एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं, वह दक्षिण अफ्रीका में फर्स्ट क्लास क्रिकेट भी खेल चुके हैं।

एनडीटीवी से बातचीत में उन्होंने कहा 'मैं बीसीसीआई का शुक्रगुज़ार हूं, यहां आकर मुझे बहुत कुछ सीखने को मिल रहा है।'

14 साल पहले जब पालेकर मुंबई आए थे, तब उन्हें वानखेड़े में घुसने की इजाज़त नहीं मिली थी आज वह उसी मैदान पर अंपायरिंग कर रहे हैं। इस वाकये के बारे में ज़िक्र करते हुए पालेकर ने कहा 'मैं साल 2000 में एक रिश्तेदार की शादी मे मुंबई आया था, उसी दौरान वानखेड़े स्टेडियम देखने पहुंचा लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने मुझे स्टेडियम के अंदर घुसने नहीं दिया।'

बीसीसीआई पिछले चार सालों से अंपायर एक्सचेंज प्रोग्राम योजित कर रही है, इसके तहत कई भारतीय अंपायर विदेश गए और दूसरे देशों के अंपायर भारत में अंपायरिंग करने आए हैं।

बीसीसीआई के जेनरल मैनेजर गेम डेवलमेंट रत्नाकर शेट्टी ने कहा 'हमारा मसकद क्रिकेट खेलने वाले देशों में अंपायरिंग का स्तर बढ़ाना और अच्छे अंपायर तैयार करना है।'

केपटाउन में पैदा हुए पालेकर इसके बाद तमिलनाडु और मध्य प्रदेश के बीच 21 जनवरी से चेन्नई में होने वाले रणजी मैच में भी अंपायरिंग करेंगे। दक्षिण अफ्रीका के लिए 16 फर्स्ट क्लास मैच खेलने वाले पालेकर इससे पहले एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत न्यूज़ीलैंड में भी अंपायरिंग कर चुके हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रणजी, रणजी क्रिकेट, बीसीसीआई, अलाउद्दीन पालेकर, वानखेड़े स्टेडियम, Ranji Match, Cricket, BCCI, Alauddin Palekar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com