विज्ञापन
This Article is From Jan 04, 2015

सायना नेहवाल के लिए पद्म सम्मान की सिफारिश पर विचार करने को तैयार खेल मंत्रालय

फाइल फोटो
नई दिल्ली:

खेल मंत्रालय के खिलाफ़ सायना नेहवाल की ये नाराज़गी रंग ले आई है। एनडीटीवी से बातचीत में खेलमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल को पद्म सम्मान दिए जाने की सिफ़ारिश पर खेल मंत्रालय विचार करेगा।

पद्म सम्मानों के लिए खेल मंत्रालय ने पहले उनके नाम की सिफ़ारिश नहीं की और अब इस बात के लिए बैडमिंटन संघ को ज़िम्मेदार बताते हुए कहा कि संघ की तरफ से खेल मंत्रालय को खत देर से मिला था और अब वह उनके नाम की सिफ़ारिश पर विचार कर सकते हैं।

खेलमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा, 'हमें बैडमिंटन संघ द्वारा बहुत देर में खत मिला। अब जब हमारे पास पत्र आ गया है तो हम सिफ़ारिश करने पर विचार करेंगे।

इससे पहले सायना ने शनिवार को मीडिया के सामने अपनी नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा था कि क्यों हमेशा पुरस्कार देने में भेदभाव किया जाता है। सायना का इशारा पहलवान सुशील कुमार की तरफ़ था। सुशील को पद्मश्री सम्मान मिले अभी पांच साल भी नहीं हुए थे कि खेल मंत्रालय ने उनका नाम पद्मभूषण के लिए आगे कर दिया था।

खेलमंत्री ने इस मामले की भी जांच का भरोसा देते हुए कहा कि पांच साल के नियम के उल्लंघन के दावों की भी वह जांच करेंगे।

इस बीच अपने शागिर्द सुशील कुमार पर उठ रहे सवालों को देखते हुए महाबलि सतपाल सामने आए और कहा कि दोनों खिलाड़ी चैम्पियन हैं और सम्मान किसे मिले इसका आखिरी फैसला अब सरकार को ही करना है।

यह पहली बार नहीं हुआ है कि खेल मंत्रालय के रवैये से कोई खिलाड़ी दुखी हुआ हो और ये भी पहला मौका नहीं जब मामले के तूल पकड़ने के बाद खेल मंत्रालय जागा हो। लेकिन उम्मीद करनी चाहिए कि इस पूरे मामले से सुशील कुमार और सायना नेहावल जैसे चैम्पियन खिलाड़ियों के बीच कोई मनमुटाव न हुआ हो।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
साइना नेहवाल, सायना नेहवाल, पद्म भूषण, Sports Minister, Saina Nehwal, Padam Bhushan, खेलमंत्री सर्वानंद सोनोवाल
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com