विज्ञापन
This Article is From Nov 16, 2014

रोजर फेडरर रिकॉर्ड 7वीं बार एटीपी वर्ल्ड टूर खिताब जीतने से बस एक कदम दूर

रोजर फेडरर रिकॉर्ड 7वीं बार एटीपी वर्ल्ड टूर खिताब जीतने से बस एक कदम दूर

साल के अंतिम टूर्नामेंट और पांचवां ग्रैंड स्लैम समझे जाने एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में वर्ल्ड नंबर वन नोवाक जोकोविच की टक्कर रोजर फेडरर से होगी।

इस फाइनल मुकाबले ने एक बार साफ कर दिया है कि यही दोनों मौजूदा समय में टेनिस के शीर्ष खिलाड़ी हैं। लंदन में जारी एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के पहले सेमीफाइनल में नोवाक जोकोविच ने जापान के केई निशिकोरी को तीन सेट तक चले मुकाबले में 6-1, 3-6, 6-0 से हरा दिया।

जाहिर है, जोकोविच ने जिन दो सेटों को जीता, उसमें उन्होंने केई निशिकोरी को कोई मौका नहीं दिया, हालांकि बीच में एक सेट निशिकोरी जीतने में जरूर कामयाब हुए।

वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में रोजर फेडरर ने स्टेनिस्लास वावरिंका को बेहद रोमांचक मुकाबले में 4-6, 7-5, 7-6 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहला सेट गंवाने के बाद फेडरर दूसरे सेट में एक वक्त हार के करीब पहुंच गए थे, लेकिन वावरिंका चार मैच प्वाइंट को जीत में नहीं बदल पाए और इसके बाद रोजर फेडरर ने शानदार वापसी करते हुए यह मैच जीत लिया।

करीब 2 घंटे 48 मिनट तक चले मुकाबले में फेडरर ने दिखा दिया कि 33 साल की उम्र में भी उनका जलवा कायम है। फाइनल मुकाबले से पहले ही नोवाक जोकोविच ने अपनी नंबर वन की रैंकिंग को सुरक्षित कर लिया है, इसके बावजूद फेडरर हर हाल में खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगे।

फेडरर रिकॉर्ड नौवीं बार एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में पहुंचे हैं और छह बार तो वह चैंपियन बनने में भी कामयाब रहे हैं। अब देखना होगा कि फाइनल मुकाबले में जोकोविच, फेडरर को रिकॉर्ड सातवीं एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स का खिताब जीतने से रोक पाते हैं या नहीं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रोजर फेडरर, नोवाक जोकोविच, एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स, केई निशिकोरी, स्टेनिस्लास वावरिंका, Roger Federer, Novak Djokovic, ATP World Tour Finals, Stan Wawrinka, Kei Nishikori
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com