विज्ञापन
This Article is From Nov 15, 2014

नोवाक जोकोविच बने रहेंगे नंबर वन पुरुष टेनिस खिलाड़ी

नोवाक जोकोविच बने रहेंगे नंबर वन पुरुष टेनिस खिलाड़ी
नोवाक जोकोविच

नोवाक जोकोविच इस सीजन के अंत तक नंबर वन टेनिस खिलाड़ी बने रहेंगे। एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के अंतिम राउंड रोबिन मुकाबले में जोकोविच ने टॉमस बिर्डेच को 6-2, 6-2 से हराकर ये सुनिश्चित कर दिया कि रोजर फेडरर उनकी बादशाहत को चुनौती नहीं दे पाएंगे।

जोकोविच को नंबर वन की रैंकिग बनाए रखने के लिए एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के दौरान राउंड रॉबिन के तीनों मुकाबले जीतने थे, जो जोकोविच के लिए बेहद सहज चुनौती साबित हुई।

बिर्डेच के खिलाफ मुकाबला जीतने के बाद जोकोविच इंडोर टेनिस कोर्ट में लगातार 30 मैच जीत चुके हैं। उन्होंने 2012 के बाद से इंडोर टेनिस कोर्ट में कोई मैच नहीं गंवाया था। इस जीत के साथ जोकोविच एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के सेमीफाइनल में भी पहुच गए हैं। उनके अलावा ग्रुप-ए से स्टेनिस्लास वावरिंका भी सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब हुए।

वावरिंका ने मारिन चिलिच को तीन सेट तक चले मुकाबले में 6-3, 4-6, 6-3 से हराया। इससे एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स की सेमीफाइनल लाइन-अप तय हो चुकी है। वर्ल्ड नंबर वन नोवाक जोकोविच के सामने जापानी खिलाड़ी केई निशिकोरी की चुनौती होगी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में रोजर फेडरर के सामने स्टेनिस्लास वावरिंका होंगे।

फेडरर के सामने यहां मौका जरूर था कि वह खिताब जीतकर नंबर वन की रैंकिंग पर अपनी दावेदारी पेश करते, लेकिन जोकोविच ने पहले ही नंबर वन का स्थान सुरक्षित कर लिया है।

इसके बावजूद फेडरर साल का अंतिम खिताब जरूर जीतना चाहेंगे, लेकिन इसके लिए उन्हें अभी दो दमदार खिलाड़ियों से पार पाना होगा। सेमीफाइनल में वावरिंका से अगर वह पार पा गए, तो फाइनल में निशिकोरी-जोकोविच के मुकाबले में जीतने वाले खिलाड़ी से पार पाना होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
नोवाक जोकोविच, रोजर फेडरर, स्टेनिस्लास वावरिंका, टॉमस बिर्डेच, एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स, Novak Djokovic, Kei Nishikori, Roger Federer, Tomas Berdych, ATP Tour Finals
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com