भारत को शुक्रवार देर रात यहां सोची शीतकालीन ओलिंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह के दौरान शर्मसार होना पड़ा, क्योंकि इन खेलों में हिस्सा लेने गए देश के तीन खिलाड़ी राष्ट्रीय ध्वज के बिना ही इसमें शामिल हुए।
भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) को अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति (आईओसी) ने नैतिक और प्रशासनिक कारणों से निलंबित किया हुआ है। जिससे भारत के लूज खिलाड़ी शिवा केशवन, एलपाइन स्कायर हिमांशु ठाकुर और क्रॉस कंट्री स्कॉयर नदीम इकबाल ने तिरंगे की बजाए आईओसी ध्वज के तले उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। ये भारतीय एथलीट 'व्यक्तिगत एथलीटों' के वर्ग के अंतर्गत शीतकालीन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं और ये ओलिंपिक ध्वज का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भारत के लिए यह शर्मसार करने वाली घटना है, क्योंकि पूरी दुनिया के अरबों लोग फिश्ट ओलिंपिक स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन समारोह को गवाह बने।
गौरतलब है कि आईओसी ने दिसंबर 2012 में आईओए को ओलिंपिक चार्टर का पालन नहीं करने के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। इसके कारण भारतीय एथलीटों को विश्व संस्था के झंडे तले टूर्नामेंटों में भाग लेना पड़ा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं