अलेक्सांद्र दोलगोपोलोव ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी और मौजूदा चैंपियन राफेल नडाल को 6-3, 3-6, 7-6 से हराकर इंडियन वेल्स मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर किया। रोजर फेडरर और एंडी मरे को भी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए काफी जूझना पड़ा, जबकि महिला वर्ग में रूसी खिलाड़ी मारिया शारापोवा और अन्ना इवानोविच हारकर बाहर हो गई।
विश्व में 31वें नंबर के उक्रेनी खिलाड़ी दोलगोपोलोव ने स्पेन के सुपरस्टार नडाल के खिलाफ पहली बार जीत दर्ज की। इससे पहले पांच मुकाबलों में उन्हें हार झेलनी पड़ी थी। इनमें दो सप्ताह पहले रियो डि जनेरियों में क्लेकोर्ट में खेला गया फाइनल मैच भी शामिल है। नडाल 2006 से हर साल इंडियन वेल्स के सेमीफाइनल तक जरूर पहुंचे थे। उन्होंने इस बीच 2007, 2009 और पिछले साल खिताब जीता था। तीसरे और निर्णायक सेट में नडाल एक समय 5-3 से पीछे चल रहे थे। उन्होंने दोलगोपोलोव की सर्विस तोड़कर वापसी की जिससे यह सेट टाईब्रेकर में चला गया। दोलगोपोलोव ने हालांकि धैर्य नहीं खोया और टाईब्रेकर में 7-5 से जीत दर्ज की।
दोलगोपोलोव ने कहा, मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं। यह बहुत बड़ी जीत है और मैंने मौजूदा चैंपियन और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी को हराया है। नडाल ने कहा, उसने बहुत अच्छी टेनिस खेली। मेरे पास जीतने के मौके थे लेकिन मैं बेसलाइन से अच्छा खेल नहीं दिखा पाया। दोलगोपोलोव क्वार्टर फाइनल में इटली के फैबियो फोगनिनी से भिड़ेंगे, जिन्होंने फ्रांस के गेल मोनफिल्स को 6-2, 3-6, 7-5 से हराया।
मरे की तरह सातवीं वरीय स्विस खिलाड़ी रोजर फेडरर को भी रूस के दिमित्री तुर्सनोव को 7-6, 7-6 से हराने के लिए पसीना बहाना पड़ा। महिला वर्ग में चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त ली ना ने चेक गणराज्य की कारोलिना पिल्सकोवा को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से पराजित किया, लेकिन चौथी वरीय शारापोवा को इटली की कामिला जियोर्गी ने 6-3, 4-6, 7-5 से उलटफेर का शिकार बनाया। सर्बिया की 11वीं वरीय अन्ना इवानोविच भी अमेरिका की 17वीं वरीय सलोनी स्टीफन्स से 7-6, 6-4 से हार गई।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं