ओलिम्पिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज एम सी मेरीकॉम ने भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा विश्व चैम्पियनशिप में भाग ले रही महिला मुक्केबाजों का गर्भ परीक्षण करवाने का समर्थन करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए ऐसा करना सही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के परीक्षण नए नहीं हैं और वह भी इससे गुजर चुकी हैं।
मेरीकॉम ने उत्तर पूर्व क्षेत्र विकास मंत्रालय के सम्मान समारोह में कहा, 'मैं खुद इन परीक्षणों से गुजरी हूं। मैं हालिया परीक्षणों में शामिल नहीं थी, लेकिन मेरा मानना है कि यह मुक्केबाजों की सुरक्षा के लिए अच्छा है। इन परीक्षणों के बहुत मतलब नहीं निकाले जाने चाहिए।' उन्होंने कहा, 'इसके अलावा ये परीक्षण आइबा के दिशानिर्देशों के अनुसार किए गए और यह विश्व स्तर पर लागू होते हैं।'
कोरिया में अगले सप्ताह होने वाले विश्व चैम्पियनशिप में भाग लेने वाली आठ महिला मुक्केबाजों का साई ने गर्भ परीक्षण करवाया था। उसने आइबा के दिशानिर्देशों के अनुसार ऐसा किया था लेकिन इसकी कड़ी आलोचना की गई।
पांच बार की विश्व चैम्पियन मेरीकाम ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ये गर्भ परीक्षण सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अनिवार्य नहीं थे और कुछ मामलों में मुक्केबाज की घोषणा ही पर्याप्त मानी जाती थी।
उन्होंने कहा, 'पिछले दो-तीन वर्षों में कुछ अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में गर्भ परीक्षण की जरूरत पड़ी, जबकि कुछ में नहीं। लेकिन अगर अब आइबा कहता है कि यह अनिवार्य है तो हमें उसका अनुसरण करना चाहिए।'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं