विज्ञापन
This Article is From Nov 19, 2016

6 माह से वेतन नहीं मिलने की खबर पर फुटबॉलर मेसी ने अपनी कमाई से दिया सुरक्षा कर्मचारियों को वेतन

6 माह से वेतन नहीं मिलने की खबर पर फुटबॉलर मेसी ने अपनी कमाई से दिया सुरक्षा कर्मचारियों को वेतन
एक फैन के साथ लियोनेल मेसी (फाइल फोटो)
ब्यूनस आयर्स: बार्सिलोना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी न केवल मैदान पर, बल्कि मैदान के बाहर भी एक नायक हैं. हाल ही में आई रिपोर्टों के अनुसार, मेसी ने अपनी कमाई से अर्जेंटीना टीम के सुरक्षा दल के कर्मचारियों को उनका वेतन दिया.

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, जब मेसी को इस बात का पता चला कि राष्ट्रीय टीम के सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों को छह माह से उनका वेतन नहीं मिला है, तो स्टार खिलाड़ी ने अपनी कमाई से सभी कर्मचारियों को उनका वेतन दिया.

उल्लेखनीय है कि अर्जेंटीना फुटबॉल महासंघ भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के आरोपों के बीच वित्तीय संकट में फंसा हुआ है. रेडियो चैनल मेट्रो-95 को दिए बयान में पत्रकार जुआन पाब्लो वास्त्रकी ने कहा कि मेसी को कर्मचारियों की इस परेशानी के बारे में पिछले सप्ताह जानकारी मिली. इस दौरान, बेलो में विश्व कप क्वालिफायर में अर्जेंटीना का मुकाबला ब्राजील से होना था.

वास्त्रकी ने कहा, "मेसी उस दौरान अपने कमरे में थे, जब उनका दरवाजा किसी ने खटखटाया." उन्होंने कहा कि दो या तीन लोग कमरे में आए. वे सभी अर्जेंटीना टीम के सुरक्षा विभाग के कर्मचारी थे. उन्होंने मेसी को बताया कि पिछले छह सप्ताह से उन्हें वेतन नहीं मिला है. स्थिति बेहद जटिल है और मेसी टीम के कप्तान हैं और इसलिए, वे मदद मांग रहे हैं. इस परेशानी को सुनने के बाद मेसी ने तुरंत अपने पिता जॉर्ज को फोन कर कुछ पैसे भेजने के लिए कहा.

वास्त्रकी ने कहा, "ऐसे कई काम हैं, जो मेसी ने किए हैं और स्टार खिलाड़ी नहीं चाहते कि इस बारे में कोई जानें. लेकिन मुझे लगता है कि लोगों को इस बारे में जानकारी होनी चाहिए."

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
लियोनेल मेसी, फुटबॉलर मेसी, लियोनल मेसी, अर्जेंटीना टीम, Lionel Messi, Footballer Messi, Argentina Team, Messi, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com