विज्ञापन
This Article is From Oct 18, 2014

आईएसएल : मुंबई ने पुणे को 5-0 से दी करारी मात

आईएसएल : मुंबई ने पुणे को 5-0 से दी करारी मात
मुंबई:

इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तहत शनिवार को डी. वाई पाटिल स्टेडियम में हुए मैच में मुंबई सिटी एफसी ने ब्राजीलियाई स्ट्राइकर आंद्रे फ्रांसिस्को मॉरित्ज की हैट्रिक की बदौलत घरेलू मैदान पर एफसी पुणे सिटी को 5-0 के बड़े अंतर से हरा दिया।

मुंबई ने इसके साथ ही टूर्नामेंट की पहली जीत हासिल कर ली। इससे पहले टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में उसे एटलेटिको डी कोलकाता से 0-3 से हार झेलनी पड़ी थी।

मॉरित्ज के अलावा भारतीय स्ट्राइकर सुबाष सिंह और फ्रांस के डिफेंडर जोहान लेतजेल्तर ने एक-एक गोल किए।

पुणे को दूसरी ओर टूर्नामेंट में पहली जीत के लिए अभी और इंतजार करना होगा। पुणे को 14 अक्टूबर को दिल्ली के खिलाफ हुए मैच में ड्रॉ से संतोष करना पड़ा था।

मुंबई ने काफी आक्रामक अंदाज में खेल की शुरुआत की, जिसका फायदा उन्हें मैच के 12वें मिनट में ही मिल गया। पुणे के अधिकांश खिलाड़ी आक्रमण करते हुए मुंबई के हाफ में पहुंच गए, लेकिन मुंबई के खिलाड़ियों ने उनसे गेंद छीनकर तेज हमला कर दिया और मॉरित्ज जब गेंद को ड्रिबल कर तेजी से आगे बढ़े तो गोल और उनके बीच सिर्फ विपक्षी गोलकीपर ही थे, जिसे उन्होंने आसानी से छका लिया।

मॉरित्ज ने 15 मिनट के अंदर दूसरा गोल कर मुबंई को 2-0 की बढ़त दिला दी। दो गोल की बढ़त ले चुकी मुंबई टीम अब और भी उत्साह से आक्रमण करने लगी और सुबाष ने 10 मिनट बाद ही 37वें मिनट में शानदार फील्ड गोल कर टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी।

मध्यांतर तक 3-0 की बढ़त ले चुकी मुंबई टीम मध्यांतर के बाद भी पुणे पर हावी रही।

मध्यांतर के बाद भी गोल करने की शुरुआत मॉरित्ज ने ही की और 71वें मिनट में अपना तीसरा और टीम के लिए चौथा गोल कर दिया। वहीं मैच समाप्त होने से पांच मिनट पहले लेतजेल्तर ने मुंबई के लिए पांचवां गोल किया।

इस मैच के दौरान छह खिलाड़ियों को पीला कार्ड दिखाया गया। मुंबई अब 24 अक्टूबर को घरेलू मैदान पर नॉर्थईस्ट युनाइटेड एफसी का सामना करेगा, जबकि पुणे 26 अक्टूबर को एफसी गोवा की मेजबानी करेगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
आईएसएल, इंडियन सुपर लीग, फुटबॉल, आंद्रे फ्रांसिस्को मॉरित्ज, ब्राजीलियाई स्ट्राइकर आंद्रे फ्रांसिस्को मॉरित्ज, मुंबई सिटी एफसी, एफसी पुणे सिटी, ISL, Indian Super League, Football, Andre Moritz, Mumbai City FC, FC Pune City
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com