विज्ञापन
This Article is From Nov 11, 2014

हीरो इंडियन सुपर लीग : चेन्नईयिन एफसी और पुणे सिटी में होगी शीर्ष स्थान की जंग

हीरो इंडियन सुपर लीग : चेन्नईयिन एफसी और पुणे सिटी में होगी शीर्ष स्थान की जंग
पुणे:

एक के बाद एक जीत मिलने के साथ आत्मविश्वास से लबरेज एफसी पुणे सिटी आज हीरो इंडियन सुपर लीग के फुटबॉल मैच में फॉर्म में बनी हुई एक दूसरी टीम चेन्नईयिन एफसी से भिड़ेगी।

श्री शिव छात्रपति खेल परिसर में होने वाले मैच में दोनों में से जिस भी टीम को जीत मिलेगी वह ग्रुप चरण के आधे दौर में लीग की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच जाएगी।

गौरतलब है कि प्रतियोगिता में पुणे के अभियान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और अपने दूसरे मैच में मुंबई सिटी एफसी से 0-5 से हारने के बाद वह टूर्नामेंट की सबसे कमजोर टीमों से एक लगने लगी थी।

लेकिन पुणे ने जल्द शानदार वापसी की और अपने अगले चार मैचों में से तीन में जीत दर्ज की और अब वह छह मैचों में 10 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर हैं। टीम ने तीन मैच जीते हैं, एक बार मुकाबला ड्रा किया जबकि दो बार उसे हार मिली।

आज के मैच में पुणे नए आत्मविश्वास के साथ उतरेगी क्योंकि पिछले मैच में उसने एटलेटिको डी कोलकाता (एटीके) के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की थी और इसी के साथ अंकतालिका में पहले स्थान पर बनी हुई एटीके को हराने वाली पहली टीम बन गई।

चेन्नईयिन एफसी के लिए कल का मैच लगातार तीसरा ऐसा मैच होगा जहां वह अंकतालिका में शीर्ष स्थान पाने को ध्यान में रखकर जीत के लिए उतरेगी। टीम के पिछले दो मैच ड्रॉ रहे थे। एटीके के सात मैचों से 12 अंक हैं जबकि मुंबई को इतने ही मुकाबलों से 11 अंक मिले हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हीरो इंडियन सुपरलीग, चेन्नईयन एफसी, Hero Indian Super League, Chennaian FC, FC Pune City, एफसी पुणे सिटी
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com