विज्ञापन
This Article is From May 15, 2015

गगन नारंग ने जीता वर्ल्ड कप का कांस्य, मिल गया रियो का टिकट

गगन नारंग ने जीता वर्ल्ड कप का कांस्य, मिल गया रियो का टिकट
फाइल फोटो
नई दिल्ली: अमेरिका के फ़ोर्ट बेनिंग में चल रही शूटिंग की वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में ओलिम्पिक पदक विजेता गगन नारंग ने 50 मीटर राइफ़ल की प्रोन प्रतियोगिता का कांस्य पदक जीतकर 2016 में होने वाले रियो ओलिम्पिक के लिए टिकट हासिल कर लिया है।

लंदन ओलिंपिक में 10 मीटर एयर राइफ़ल में कांस्य पदक जीतने वाले गगन ने 185.8 का स्कोर बनाकर पोडियम पर जगह बनाई। इस प्रतियोगिता का स्वर्ण अमेरिका के माइकल मैकफ़ेल (208.8) और रजत पदक नॉर्वे के ओले क्रिस्टेन ब्रायन (206.3) ने जीता। क्वालिफ़ाइंग राउंड मेंगगन नारंग ने 626.3/ 654 का स्कोर कर आठवें नंबर पर रहे थे।

इस वर्ल्ड कप में भारत के इकलौते निजी स्वर्ण पदक विजेता एथलीट अभिनव बिंद्रा और गगन नारंग 10 मीटर एयर राइफ़ल के ज़रिये रियो का टिकट हासिल करने से चूक गए थे। जीतू राय (50 मीटर फ़्री पिस्टल प्रतियोगिता में ग्रैनेडा में हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप में) और अपूर्वी चंदेला (10 मीटर एयर राइफ़ल में कोरियाई वर्ल्ड कप में कांस्य के ज़रिये) के बाद गगन शूटिंग के ज़रिये रियो ओलिम्पिक्स के लिए क्वालिफ़ाई करने वाले तीसरे भारतीय एथलीट बन गए हैं।

शूटिंग की 15 प्रतियोगिताओं के लिए एक देश के 30 खिलाड़ी ओलिम्पिक का कोटा हासिल कर सकते हैं। भारतीय शूटिंग संघ के अध्यक्ष रणेंद्र सिंह गगन की कामयाबी से बेहद खुश हैं। वह कहते हैं, 'इस बार हमने कम से कम 12 खिलाड़ियों के क्वालिफ़ाई करने का लक्ष्य रखा है।' उन्हें उम्मीद है कि इस बार रियो में शूटिंग से भारत को कम से कम 4 पदक ज़रूर हासिल होंगे।

पिछली दफ़ा लंदन ओलिम्पिक्स के लिए एक वाइल्ड कार्ड सहित 11 शूटर्स ने क्वालिफ़ाई किया था, जिसमें उन्हें दो पदक हासिल हुए थे। लंदन ओलिम्पिक्स में विजय कुमार ने 25 मीटर रैपिड फ़ायर पिस्टल में रजत पजक जीतकर और गगन नारंग ने 10 मीटर एयर राइफ़ल के कांस्य पदक पर निशाना लगाकर भारतीय खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
गगन नारंग, शूटिंग, निशानेबाजी, ओलिम्पिक, Gagan Narang, Shooting, Olympic
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com