विज्ञापन
This Article is From Jul 28, 2014

राष्ट्रमंडल खेल (निशानेबाजी) : डबल ट्रैप में भारत को मिला रजत, कांस्य

राष्ट्रमंडल खेल (निशानेबाजी) : डबल ट्रैप में भारत को मिला रजत, कांस्य
ग्लासगो:

भारतीय निशानेबाजों ने 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को डबल ट्रैप स्पर्धा में दो पदक हासिल किए। श्रेयसी सिंह ने जहां महिला वर्ग का रजत जीता, वहीं पुरुष वर्ग में मोहम्मद असब ने कांस्य हासिल किया।

श्रेयसी ने फाइनल मुकाबले में कुल 92 अंक हासिल किए। इंग्लैंड की चार्लोट केरवुड ने 94 अंकों के साथ इस स्पर्धा का स्वर्ण जीता। इंग्लैंड की ही रेचल पेरिश को 91 अंकों के साथ कांस्य प्राप्त हुआ।

भारत की वर्षा वर्मन तीन अंकों के अंतर से कांस्य पदक चूक गईं। वर्षा ने फाइनल में 88 अंक हासिल किए।

पुरुष वर्ग में असब ने क्वालीफाइंग में शीर्ष स्थान हासिल किया था और कुल छह निशानेबाजों के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इनमें भारत के ही अंकुर मित्तल भी शामिल थे। हालांकि अंकुर सेमीफाइनल में पांचवें स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालीफाइ नहीं कर सके।

सेमीफाइनल में असब 27 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वह इस तरह कांस्य पदक के लिए होने वाले मुकाबले में प्रवेश कर गए। इस स्पर्धा का स्वर्ण इंग्लैंड के एस. स्कॉट ने जीता, जबकि रजत इंग्लैंड के ही एम. फ्रेंच को मिला।

भारतीय निशानेबाजों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक कुल नौ पदक हासिल कर लिए हैं, जिसमें तीन स्वर्ण पदक शामिल हैं।

ओलिम्पिक चैम्पियन अभिनव बिंद्रा, राही सरनाबोत और अपूर्वी चंदेला ने भारत को स्वर्ण दिलाया, जबकि श्रेयसी के अलावा मलायका गोयल, प्रकाश नानजप्पा, अनोइका पॉल और अनीशा सैयद ने रजत पदक हासिल किया, जबकि असब को कांस्य मिला।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
राष्ट्रमंडल खेल 2014, भारतीय निशानेबाज, श्रेयसी सिंह, मोहम्मद असब, Commonwealth Games 2014, Indian Shooters, Shreyasi Singh, Mohammad Asab
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com