विज्ञापन
This Article is From Nov 14, 2014

विजेंदर ने सरिता का समर्थन किया, कहा, रैफरियों और जजों की समीक्षा करे एआईबीए

विजेंदर ने सरिता का समर्थन किया, कहा, रैफरियों और जजों की समीक्षा करे एआईबीए
सरिता देवी की फाइल फोटो
नई दिल्ली:

भारतीय मुक्केबाजी के पोस्टर ब्वॉय विजेंदर सिंह ने एल सरिता देवी का बचाव करते हुए कहा है कि एआईबीए को उस पर प्रतिबंध लगाने की बजाय अपने अधिकारियों की समीक्षा करनी चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष चिंग कुओ वू ने कहा है कि सरिता को कड़ी सजा दी जाएगी और उसे अपना करियर खत्म ही मान लेना चाहिए।

अस्थायी निलंबन के कारण विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप से बाहर सरिता ने इंचियोन एशियाई खेलों में सेमीफाइनल में विवादित हार के बाद पदक वितरण समारोह में कांस्य लेने से इनकार कर दिया था।

विजेंदर ने कहा, मैं समझ सकता हूं कि उसने ऐसा क्यों किया। एक मुक्केबाज होने के नाते मुझे पता है कि इस तरह से पदक से वंचित किया जाना कैसा लगता है। यह निराशाजनक हार को लेकर जज्बाती प्रतिक्रिया थी। सरिता के भविष्य के बारे में फैसला एआईबीए की कांग्रेस में किया जाएगा जहां अनुशासन समिति इस मसले पर अपनी रिपोर्ट देगी। सरिता अपनी हरकत के लिए बिना शर्त माफी मांग चुकी है।

न कोचों को भी उन पर लगाए गए अस्थायी निलंबन पर फैसले का इंतजार है, जिनमें राष्ट्रीय पुरुष टीम के कोच गुरबख्श सिंह संधू शामिल हैं। उन्होंने कहा, एशियाई खेलों जैसे बड़े टूर्नामेंट की तैयारी में चार साल लगते हैं, लेकिन इस तरह से हारना काफी दर्दनाक है। कोई भी निराश होगा और टूट जाएगा। मैं पूरी तरह से सरिता के साथ हूं। भारत के पहले ओलिंपिक और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर ने कहा कि एआईबीए को अपने जजों और रैफरियों की समीक्षा करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, हम खिलाड़ियों को काफी मेहनत और तकदीर के सहारे ऐसे टूर्नामेंट खेलने का मौका मिलता है। एआईबीए को सुनिश्चित करना चाहिए कि हमें सर्वश्रेष्ठ रैफरी और जज मिलें। उनकी समीक्षा की जानी चाहिए। एआईबीए को चाहिए कि सरिता को माफ करके बेहतर व्यवस्था मुहैया कराने की दिशा में काम करे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विजेंदर सिंह, सरिता देवी, आईएबीएफ, बॉक्सिंग, Vijender Singh, Boxing, IABA, Sarita Devi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com