रोजर फेडरर ग्रैंड स्लैम का खिताब लंबे समय से भले नहीं जीत पाए हों, लेकिन ऐसा लग रहा है कि उनके खेल पर उम्र का कोई असर नहीं पड़ा है। वह इन दिनों जोरदार फॉर्म में चल रहे हैं।
फेडरर साल के अंतिम टूर्नामेंट एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के सेमीफाइल में पहुंचने में कामयाब रहे। उन्होंने अंतिम राउंड रॉबिन मुकाबले में एंडी मर्रे को 6-0, 6-1 से हराया। मर्रे, फेडरर के सामने एकदम बेबस नजर आए।
फेडरर ने पहला सेट महज 24 मिनट में 6-0 से जीत लिया। पिछले चार सालों में यह पहला मौका है, जब मर्रे कोई सेट शून्य के अंतर से हारे। इसके बाद फेडरर ने दूसरा सेट महज 32 मिनट में जीत लिया। यह फेडरर के करियर में इंडोर टेनिस कोर्ट में 250वीं जीत है। इस हार के साथ ही एंडी मर्रे वर्ल्ड टूर फाइनल्स खिताब की होड़ से बाहर हो गए।
सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ रोजर फेडरर के वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर वन पर काबिज होने की उम्मीद बची हुई है। हालांकि नोवाक जोकोविच ने राउंड रोबिन के सभी मैच जीत कर अपनी स्थिति को बेहतर बनाया है।
फेडरर के अलावा जापान के केई निशिकोरी भी ग्रुप बी से सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब हुए। उन्होंने डेविड फेरर को तीन सेटों में चले मुकाबले में 4-6, 6-4, 6-1 से हराया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं