भारत ने गोल करने के कई मौके गंवा दिए, जिसके कारण उसे 17वें एशियाई खेलों की पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के ग्रुप बी में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी और मौजूदा चैंपियन पाकिस्तान के खिलाफ बेहद रोमांचक मैच में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
पहले दो क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन पाकिस्तान ने तीसरे क्वार्टर में बढ़त हासिल की। उसकी तरफ से यह गोल मोहम्मद उमर भुट्टा ने 38वें मिनट में किया। भारत ने चौथे क्वार्टर में बराबरी की, लेकिन पाकिस्तान ने तुरंत ही जवाबी हमला करके निर्णायक गोल दाग दिया। भारत के लिए निकिन थिम्मैया (53वें मिनट) ने, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ मोहम्मद वकास (54वें मिनट) ने गोल किया।
मैच वास्तव में दर्शनीय और रोमांचक था और उम्मीद के अनुरूप उपमहाद्वीप की दोनों टीमों में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने तेजतर्रार हॉकी खेली और अपने कौशल का बेजोड़ नमूना पेश किया। दोनों टीमों ने एक-दूसरे से बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश की, लेकिन आखिर में सरदार सिंह की अगुवाई वाली टीम मायूस होकर स्टेडियम से बाहर निकली।
भारत की हार का कारण गोल करने के कई मौके गंवाना रहा। विशेषकर रमनदीप सिंह ने कई मौके हाथ से जाने दिए, जबकि रक्षापंक्ति भी कुछ अवसरों पर दबाव में बिखरती हुई नजर आई।
इस जीत से पाकिस्तान ने एक तरह से पूल बी में शीर्ष स्थान सुनिश्चित कर लिया है, जबकि भारत के लिए परिस्थितियां कड़ी हो गई है। वह अब पूल बी में दूसरे स्थान पर ही रह सकता है और ऐसे में उसे सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की मजबूत टीम से भिड़ना पड़ सकता है। लेकिन इसके लिए भी भारत को शनिवार को अपने आखिरी पूल मैच में कम रैंकिंग के, लेकिन खतरनाक चीन से पार पाना होगा।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं