विज्ञापन
This Article is From Sep 23, 2014

इंचियॉन गेम्स: 10 मीटर एयर रायफल शूटिंग में अभिनव बिंद्रा ने जीता कांस्य पदक

इंचियॉन गेम्स: 10 मीटर एयर रायफल शूटिंग में अभिनव बिंद्रा ने जीता कांस्य पदक
इंचियॉन:

बीजिंग ओलिंपिक स्वर्ण पदकधारी अभिनव बिंद्रा ने भारत को मंगलवार को एशियाई खेलों के चौथे दिन 10 मी एयर राइफल स्पर्धा में पुरुष टीम का कांस्य पदक दिलाया। उन्होंने क्वालीफिकेशन में पांचवें सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ आठ निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई।

बिंद्रा, रवि कुमार और संजीव राजपूत की भारतीय टीम 1863 अंक से तीसरे स्थान पर रही। चीन ने 1886.4 अंक से स्वर्ण और दक्षिण कोरिया ने 1867.6 अंक से रजत पदक जीता।

बिंद्रा के 625.4 अंक रहे जबकि रवि कुमार ने 618.9 और अनुभवी संजीव राजपूत ने 618.7 अंक का स्कोर बनाया।

बिंद्रा शानदार निशानेबाजी कर रहे थे, लेकिन 55वें और 60वें में उन्होंने 9.1 और 9.7 अंक का खराब स्कोर बनाया। वह क्वालीफिकेशन में पांचवां स्थान ही हासिल कर सके क्योंकि चौथे स्थान पर रहने वाले कोरियाई किम सेंगडो उनसे मामूली अंतर से 626.1 से बेहतर रहे। बिंद्रा का 10 शाट का प्रत्येक स्कोर 102.6, 105.3, 104.5, 104.1, 105.7 था, इस दौरान उनके स्कोर में सुधार ही हो रहा था, लेकिन अचानक 55वें शाट में खराब स्कोर से उन्होंने अंत में 103.2 अंक बनाए।

निशानेबाजों द्वारा इन खेलों में यह ओंगयिओन रेंज पांचवां पदक था, जिसमें एक स्वर्ण और चार कांस्य हो गए हैं। पुरुष निशानेबाज जीतू राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था।

काओ यिफेल (630.7) की अगुवाई में निशानेबाजों ने शीर्ष तीन स्केार बनाए जो खेलों का नया रिकॉर्ड है।

व्यक्तिगत सूची में रवि कुमार 20वें और राजपूत एक स्थान पीछे रहकर बाहर हो गए।

पहली सीरीज के बाद बिंद्रा शीर्ष आठ से बाहर चल रहे थे, बाद में वह लय में आ गए और 10 शाट के चौथे सेट के बाद उन्होंने ब्रेक लेकर राइफल कोच स्टेनिस्लास लैपिडस से बात की तथा फिर 40वें शाट पर 10.9 अंक बनाए।

उन्होंने फिर लगातार 10.6, 10.7, 10.6 और 10.3 के शाट लगाए, लेकिन 9.1 अंक ने उनके प्रयासों को नुकसान पहुंचाया।

लेकिन उन्होंने गहरी सांस लेकर थोड़ा सोच विचार किया और 56वें स्थान पर 10.1 का शाट लगाया। इसके बाद उन्होंने 10.9, 10.8 और 10.5 अंक हासिल किए। उनका अंतिम शाट 9.7 अंक का रहा।

दरअसल, बिंद्रा ने सोमवार को ही ट्वीट कर यह बता दिया था कि आज वह आख़िरी बार प्रोफेशनल शूटिंग करेंगे। साथ ही बिंद्रा ने ट्वीट कर एशियन गेम्स को अपने करियर का आख़िरी सबसे बड़ा टूर्नामेंट बताया था।

बाद में उन्होंने दूसरा ट्वीट किया कि वह हफ़्ते में दो बार अभ्यास करेंगे और रियो ओलिंपिक में शामिल होने की कोशिश करेंगे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
एशियन गेम्स 2014, अभिनव बिंद्रा, इंचियॉन एशियन गेम्स, Asian Games 2014, Abhinav Bindra, Incheon Asian Games 2014
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com