आईसीसी विश्व कप के ग्रुप-ए के एक मुकाबले में सोमवार को पाकिस्तानी टीम और जिम्बाब्वे टीम के बीच भिड़ंत होगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
आईसीसी विश्व कप के ग्रुप-ए के एक मुकाबले में सोमवार को पाकिस्तानी टीम और जिम्बाब्वे टीम के बीच भिड़ंत होगी। इस मैच को जीतकर पाकिस्तान की टीम क्वार्टरफाइनल में जगह पक्की करना चाहेगी। पाकिस्तान ने अब तक तीन मैचों में शानदार जीत दर्ज की है। हालांकि उसे न्यूजीलैंड के हाथों 110 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी और इस मैच में खराब प्रदर्शन करने वाले विकेटकीपर कामरान अकमल को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा कि हम वह सब कुछ पीछे छोड़ना चाहते हैं जो हमारी तैयारियों पर असर डाल सकता है। हमारा रवैया सकारात्मक और हम जीत के लिए खेलेंगे। कप्तान ने कहा कि कामरान ने अपनी गलतियां महसूस की हैं और हमने उसमें पूरा भरोसा जताया है और फिलहाल वह हमारा सर्वश्रेष्ठ विकल्प है। छह अंकों के साथ पाकिस्तान ग्रुप ए की अंक तालिका में श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बाद तीसरे स्थान पर है। दूसरी ओर जिम्बाब्वे को गुरुवार को लीग मैच में श्रीलंका के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी। जिम्बाब्वे के पास हालांकि अब भी क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने का मौका है लेकिन उसकी राह कांटों भरी है। यह तभी संभव हो पाएगा जब वह अपने दोनों लीग मैच जीत ले और पाकिस्तान अपने बचे दोनों लीग मैच हार जाए। जिम्बाब्वे के कप्तान एल्टन चिंगुबुरा ने कहा कि हमारा भरोसा है कि अगर हम अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेल सके तो हम अगले दौर में जा सकते हैं लेकिन हमें पिछले दो मैचों की गलतियां नहीं दोहरानी चाहिए।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्वार्टरफाइनल, पाक