अर्जेंटीना में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना में तीन फ्रांसीसी ओलिंपिक एथलीटों की भी मौत हो गई है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने इसकी पुष्टि की है।
अर्जेंटीना के दक्षिण पश्चिम के ला रिओजा प्रांत में दो हेलीकाप्टरों की टक्कर में आठ फ्रांसीसी नागरिक और दो अर्जेंटाइनी पायलट की मौत हो गई है। ये हादसा ब्यूनस आर्यस से करीब 1170 किलोमीटर दूर विया केस्टेली में हुआ है।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांसवा ओलांद के कार्यालय के मुताबिक लंबी दूरी के धावक फ्लोरां सार्टो, ओलिंपिक तैराक कमी मुफां और ओलिंपिक मुक्केबाज़ एलैक्सीस वेस्टीन की मौत हुई है। कमी मुफां लंदन ओलिंपिक, 2012 के दौरान तीन मेडल जीतने में कामयाब रहे थे। जबकि एलैक्सीस वेस्टीन ने बीजिंग ओलिंपिक, 2008 में कांस्य पदक जीता था।
हादसे के वक्त दोनों हेलीकाप्टर एक टीवी सीरियल शो ड्रॉप्ड की शूटिंग में हिस्सा ले रहे थे। टीएफ 1 चैनल का ये रियलिटी शो मशहूर हस्तियों को हेलीकाप्टर से मुश्किल जगहों पर ले कर जाते हैं और उन हस्तियों के भोजन और आवास खोजने की चुनौतियों की शूटिंग करते हैं।
(इनपुट एजेंसियों से)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं