
नई दिल्ली : भारतीय टेनिस सनसनी कहलाने वाली सानिया मिर्ज़ा अब डब्ल्यूटीए (WTA) सर्किट पर पूर्व वर्ल्ड नंबर वन स्विस खिलाड़ी मार्टिना हिंगिस के साथ जोड़ी बनाकर ज़ोर आज़माइश करती नज़र आएंगी।
दरअसल, टेनिस में डब्ल्यूटीए खिताब जीतकर इतिहास बनाने वाली इकलौती भारतीय खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा ने चाइनीज़ ताइपेई की अपनी पार्टनर सिए सु-वेई के साथ चार टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया, लेकिन दुबई ओपन और ऑस्ट्रेलियन ओपन में उनकी जोड़ी दूसरे राउंड में ही बाहर हो गई। इसके अलावा ब्रिस्बेन में यह जोड़ी सेमीफाइनल तक पहुंची, और दोहा में उपविजेता भी रही, लेकिन कोई खिताब नहीं जीत पाई, इसलिए सानिया ने सु-वेई का साथ छोड़ने का फैसला किया।
हालांकि सानिया मिर्ज़ा के लिए पिछला साल शानदार बीता, जहां वह एशियाई खेलों के साथ-साथ डब्ल्यूटीए सर्किट पर भी धमाल मचाने में कामयाब रहीं, लेकिन उनका कहना है कि वेई के साथ उन्हें कोई खास कामयाबी नहीं मिल पाई। उन्होंने बताया कि वेई के साथ उनका तालमेल नहीं बन पा रहा था।
उधर, सानिया मिर्ज़ा की नई पार्टनर मार्टिना हिंगिस ने रिटायरमेंट लेने के सात साल बाद वर्ष 2013 में डबल्स खेलना शुरू किया और डबल्स की वर्ल्ड रैंकिंग में वह फिलहाल सातवें नंबर पर हैं, जबकि सानिया वर्ल्ड रैंकिंग में पांचवें नंबर पर। दिलचस्प तथ्य यह है कि भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस भी मार्टिना हिंगिस के ही साथ मिक्स्ड डबल्स के मुकाबले खेलते हैं, और उनकी जोड़ी ने इसी साल ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब भी अपने नाम किया है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं