भारत की सायना नेहवाल ने इतिहास रच दिया है। ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के फ़ाइनल में जगह बनाने वाली वह भारत की पहली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बन गई हैं। अहम बात यह है कि सायना ने इस टूर्नामेंट में भी वैंग यिहान और सुन यू जैसी बड़ी चीनी खिलाड़ियों को शिकस्त देकर फ़ाइनल तक का सफ़र तय किया है।
इस टूर्नामेंट में सायना नेहवाल को तीसरी वरियाता प्राप्त खिलाड़ी हैं। वर्ल्ड नंबर तीन सायना ने सेमीफ़ाइनल में चीन की नई स्टार मानी जा रहीं 21 साल की सुन यू को सीधे गेम में 21-13, 21-13 से हरा दिया। सेमीफ़ाइनल का स्कोरलाइन सायना की काबिलियत और उनके शानदार फ़ॉर्म का सबूत है। इस बार उन्हें अपना सेमीफाइनल मैच जीतने में 50 मिनट का ही समय लगा।
फाइनल में सायना का मुकाबला छठी वरीयता प्राप्त स्पेन की कैरोलिना मारिन से होगा, जिसने सातवीं वरीयता प्राप्त चीनी ताइपै की ताइ जू यिंग को 21-18, 21-11 से हराया। मारिन के खिलाफ सायना का कैरियर रिकॉर्ड 3-0 का है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं